नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 (Delhi Election 2025) के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) आज अपना संकल्प पत्र जारी करेगी। बताया जा रहा है कि इस संकल्प पत्र में पार्टी कई बड़े वादें कर सकती है, जिसमें महिला सम्मान योजना शामिल है।
जानकारी के मुताबिक, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा आज यानी शुक्रवार की दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में वह बीजेपी का संकल्प पत्र जारी करेंगे। इस दौरान बीजेपी के कई बड़े नेता मौजूद रह सकते हैं।
बता दें कि दिल्ली की सभी 70 सीटों पर 5 फरवरी को मतदान होगा। 8 फरवरी को रिजल्ट की घोषणा की जाएगी। दिल्ली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी को ख़त्म होने वाला है।
साल 2020 विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों की घोषणा 6 जनवरी को हुई थी। सभी 70 सीटों पर एक चरण में 8 फरवरी 2020 को वोटिंग हुई थी और नतीजों की घोषणा 11 फरवरी को हुई थी। 2020 में आम आदमी पार्टी ने 62 सीटों पर जीत हासिल की थी, वहीं भाजपा सिर्फ 8 सीटें जीतने में कामयाब रही। आम आदमी पार्टी ने 53.57% वोट शेयर हासिल किया था। कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल पाई थी।
चुनाव आयोग के मुताबिक दिल्ली में कुल एक करोड़ 55 लाख वोटर्स हैं। इसमें 83 लाख से ज्यादा पुरुष मतदाता और 79 लाख महिला वोटर्स हैं। 830 ऐसे वोटर्स हैं, जिनकी उम्र 100 से अधिक है। पहली बार वोट डालने वाले युवाओं की संख्या 0.8 लाख है। 33 हजार 330 पोलिंग स्टेशन बनाये जाएंगे।