Inkhabar
  • होम
  • राज्य
  • CM बनते ही एक्शन मोड में आईं रेखा गुप्ता, आज PWD और जल बोर्ड के साथ करेंगी मीटिंग, इस बड़े मुद्दे का होगा समाधान

CM बनते ही एक्शन मोड में आईं रेखा गुप्ता, आज PWD और जल बोर्ड के साथ करेंगी मीटिंग, इस बड़े मुद्दे का होगा समाधान

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शुक्रवार को सड़कों और जलापूर्ति की स्थिति की समीक्षा के लिए बैठक करने जा रही हैं। इस बैठक में यमुना की सफाई पर भी चर्चा होगी।

Rekha Gupta called meeting with PWD
inkhbar News
  • Last Updated: February 21, 2025 12:07:02 IST

नई दिल्ली। दिल्ली की नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कार्यभार संभालने के बाद पूरी तरह एक्टिव हो गई हैं। शुक्रवार यानी आज वह सभी मंत्रियों के साथ पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग) और दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। इसमें शहर में सड़कों और जलापूर्ति की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। सीएम रेखा ने शुक्रवार सुबह अपने आवास के बाहर मीडिया से बात की।

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कहा, “शुक्रवार को कैबिनेट पीडब्ल्यूडी और जल बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक करेगी। सभी विभागों से जुड़े कार्यों की समीक्षा की जाएगी। गड्ढों वाली सड़कों के मुद्दे को गंभीरता से लिया जाएगा।” माना जा रहा है कि इस बैठक में यमुना की सफाई को लेकर भी अहम फैसला हो सकता है।

दिल्ली में आयुष्मान योजना को हरी झंडी

दिल्ली सरकार ने गुरुवार रात आयुष्मान योजना को मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई पहली कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया कि विधानसभा सत्र की पहली बैठक में आप सरकार के कार्यकाल में आई 14 कैग रिपोर्ट को सदन में पेश किया जाएगा। इसमें महिला सम्मान योजना पर भी चर्चा हुई, लेकिन कोई फैसला नहीं हो सका।

कैबिनेट बैठक पर आतिशी का तंज

कैबिनेट फैसले पर पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि भाजपा ने वादा किया था कि पहली कैबिनेट में महिला सम्मान योजना को लागू करेंगे। दिल्ली की महिलाएं 2500 वाली योजना के लागू होने का इंतजार कर रही थीं, लेकिन दुख की बात यह है कि सरकार बनने के पहले दिन ही भाजपा ने अपने वादे तोड़ने शुरू कर दिए। पहली बैठक में महिला सम्मान योजना को पारित नहीं किया गया।  ऐसा लगता है कि भाजपा ने पहले दिन से ही दिल्ली की जनता को धोखा देने का मन बना लिया है। इस पर सीएम रेखा ने पलटवार भी किया। रेखा गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी हमें काम करना न सिखाए और हमारे काम में हस्तक्षेप न करे।

ये भी पढ़ेंः- ‘मुझे मेरा काम मत सिखाओ’ 2500 रुपये वाली योजना पर AAP ने पूछा सवाल तो नई CM रेखा गुप्ता ने लताड़ दिया