Inkhabar
  • होम
  • लाइफस्टाइल
  • चीनी वाला मैंगो शेक सेहत पर डालता है बुरा असर, होते हैं ये 5 बड़े नुकसान

चीनी वाला मैंगो शेक सेहत पर डालता है बुरा असर, होते हैं ये 5 बड़े नुकसान

Sugar in Mango Shake: गर्मियों का मौसम आते ही आम का नाम जुबान पर आ ही जाता है। आम जिसे फलों का राजा कहा जाता है, अपने बेहतरीन स्वाद के लिए हर किसी की पसंद होता है।

Inkhabar
inkhbar News
  • Last Updated: May 5, 2025 13:51:11 IST

Sugar in Mango Shake: गर्मियों का मौसम आते ही आम का नाम जुबान पर आ ही जाता है। आम जिसे फलों का राजा कहा जाता है, अपने बेहतरीन स्वाद के लिए हर किसी की पसंद होता है। गर्मियों में लोग इसे ठंडे-ठंडे मैंगो शेक के रूप में पीना पसंद करते हैं। लेकिन जब इस शेक में ऊपर से अतिरिक्त चीनी मिला दी जाती है तो यही हेल्दी ड्रिंक सेहत के लिए हानिकारक बन सकता है। आइए समझते हैं कैसे…

शुगर ओवरलोड का खतरा

आम स्वाभाविक रूप से मीठा फल है, जिसमें पहले से ही ग्लूकोज और फ्रक्टोज जैसे नैचुरल शुगर तत्व होते हैं। जब आप इसमें रिफाइंड शुगर यानी प्रोसेस्ड चीनी मिलाते हैं, तो इसका ग्लाइसेमिक लोड काफी ज्यादा हो जाता है। यह खासतौर पर डायबिटीज के रोगियों के लिए खतरनाक हो सकता है और ब्लड शुगर लेवल अचानक बढ़ सकता है।

वजन बढ़ने की बड़ी वजह

मैंगो शेक में आम, दूध और चीनी तीनों ही कैलोरी से भरपूर होते हैं। ऊपर से चीनी मिलाने पर यह एक हाई-कैलोरी ड्रिंक बन जाता है, जिसका रोजाना सेवन वजन बढ़ा सकता है। यह मोटापे के साथ-साथ हार्मोनल असंतुलन, थायराइड की गड़बड़ी और इंसुलिन रेसिस्टेंस जैसी समस्याएं भी ला सकता है।

दिल की सेहत पर असर

अधिक मात्रा में चीनी लेने से शरीर में ट्राइग्लिसराइड्स की मात्रा बढ़ सकती है, जो दिल की बीमारियों का एक बड़ा कारण है। अगर आप हार्ट को हेल्दी रखना चाहते हैं, तो बेहतर है कि मैंगो शेक में चीनी मिलाकर पीने से बचें।

दांतों और त्वचा को नुकसान

चीनी दांतों में कैविटी का कारण बन सकती है। साथ ही, इसके अधिक सेवन से स्किन में ‘ग्लाइकेशन’ नामक प्रक्रिया होती है, जिससे त्वचा जल्दी बूढ़ी दिखने लगती है। इससे चेहरे पर झुर्रियां और दाग-धब्बे जल्दी आने लगते हैं। इसलिए कोशिश करें कि बिना चीनी वाला सादा मैंगो शेक पिएं।

पाचन संबंधी परेशानियां

दूध और चीनी का मिश्रण कुछ लोगों में गैस, अपच और ब्लोटिंग जैसी दिक्कतें पैदा कर सकता है। जब यह कॉम्बिनेशन भारी फल जैसे आम के साथ लिया जाए, तो ये समस्याएं और बढ़ सकती हैं।