Sudhanshu Trivedi: भाजपा के राज्यसभा सांसद और प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर आगरा में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने मोदी सरकार के 11 साल में किए गए विकास कार्यों को गिनाया।
सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि विकसित भारत के अमृत काल में भारत सरकार ने 11 साल की सेवा, सुशासन और जनकल्याण में एक नए युग की स्थापना की है। सुधांशु त्रिवेदी ने सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयरस्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए भारत की सैन्य शक्ति का जिक्र किया और कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत की ताकत को सभी ने माना। देश की सेनाओं ने दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब दिया।
बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने आगे कहा कि योग दिवस को अंतरराष्ट्रीय मान्यता मिलना और भव्य राम मंदिर का निर्माण मोदी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियां हैं। मोदी सरकार ने हर क्षेत्र में काम किया है, जिसका असर देश की अर्थव्यवस्था पर भी दिख रहा है। आज हम दुनिया में उभरती हुई अर्थव्यवस्था हैं।
पाकिस्तान और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी अपने बयानों के जरिए पाकिस्तान के रक्षक की भूमिका निभा रहे हैं, राहुल गांधी पाकिस्तानी मीडिया में सुर्खियां बटोर रहे हैं। उन्होंने आसिम मुनीर पर तंज कसते हुए कहा कि हारने के बाद उन्हें फील्ड मार्शल बना दिया गया और राहुल गांधी फील्ड मार्शल हैं।
सुधांशु त्रिवेदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति के बयानों को लेकर विपक्ष पर हमला बोला और कहा कि अगर विपक्ष डोनाल्ड ट्रंप के बयानों पर भरोसा कर रहा है तो सभी बयानों पर भरोसा करे क्योंकि ट्रंप ने एक दर्जन बयान दिए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी बयान दिया था कि यह जैसे को तैसा है।