Air india flight delay: एयर इंडिया की एक और फ्लाइट में दिक्कत की खबर है। फ्लाइट संख्या 2709 में तकनीकी दिक्कत पाई गई है। इस फ्लाइट को नई दिल्ली से कोलकाता जाना था। उड़ान का समय शाम 6.58 बजे था। हालाँकि, विमान को उड़ान भरने से रोक दिया गया। बीते 2 घंटे से बिना एसी वाली फ्लाइट में यात्री भीषण गर्मी से परेशान हैं।
यह फ्लाइट पहले से ही 48 मिनट देरी से उड़ान भरने वाली थी। 1.57 घंटे की यात्रा के बाद इसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरना था। वहां इसकी लैंडिंग का समय रात 8.55 बजे था। लेकिन दिल्ली में ही विमान में कुछ तकनीकी खराबी देखी गई और इसकी उड़ान रोक दी गई। विमान में क्या दिक्कत थी, इस बारे में अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं सामने आई है।
बता दें कि गुरुवार को अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के बाद उड़ानों को लेकर ज्यादा सतर्कता बरती जा रही है। 12 जून की दोपहर अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री समेत कुल 242 लोग सवार थे। इनमें से सिर्फ 1 व्यक्ति ही बच पाया। विमान दुर्घटनाग्रस्त क्यों हुआ, इस पर अभी तक कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है। फिलहाल डीजीसीए ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और एयर इंडिया की ओर से विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार है।