Vijay Rupani DNA Matched: अहमदाबाद विमान हादसे का शिकार हुए गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का डीएनए टेस्ट मैच हो गया है। गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने डीएनए मैच होने की पुष्टि की है। उनका शव रविवार (15 जून) शाम को परिजनों को सौंप दिया जाएगा। विजय रूपाणी उसी एयर इंडिया की फ्लाइट में सवार थे, जो लंदन के लिए रवाना होने के चंद मिनट बाद अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान में 242 लोग सवार थे, जिनमें से 241 लोगों की मौत हो गई। विमान हादसे में सिर्फ एक व्यक्ति ही जीवित बचा। इस दुखद हादसे ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया था।
इससे पहले अस्पताल अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने बताया कि मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है और राज्य सरकार प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता मुहैया करा रही है। राकेश जोशी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल में 250 से अधिक डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ और स्वयंसेवकों की टीम ने तुरंत राहत और उपचार का जिम्मा संभाला, जिससे कई लोगों की जान बच गई। घायलों का समय पर उपचार सुनिश्चित किया गया तथा मृतकों की पहचान के लिए डीएनए नमूनों के मिलान का कार्य फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से किया जा रहा है।
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, अहमदाबाद प्लेन क्रैश में मरने वालों की संख्या 275 तक पहुंच गई है। रविवार सुबह तक 248 शवों के डीएनए सैंपल लिए गए। इनमें से 31 का मिलान हो गया है, जिनमें से 20 शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। इनके मृत्यु प्रमाण पत्र भी उपलब्ध करा दिए गए हैं।