PM Modi in Cyprus:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साइप्रस की यात्रा पर हैं और अपनी यात्रा के दूसरे दिन उन्हें इस यूरोपीय देश के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया गया है। साइप्रस का सर्वोच्च सम्मान पाने वाले पीएम मोदी दुनिया के 23वें नेता हैं। इस सम्मान पर पीएम मोदी ने कहा कि यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं बल्कि देश के 140 करोड़ लोगों का सम्मान है। मैं यह सम्मान भारत और साइप्रस के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों और हमारी आपसी समझ को समर्पित करता हूं।राजधानी निकोसिया में साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने प्रधानमंत्री मोदी को साइप्रस के सर्वोच्च सम्मान ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मैकारियोस III से सम्मानित किया।
सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित होने के बाद पीएम मोदी ने कहा, “मैं आपको (साइप्रस के राष्ट्रपति), साइप्रस सरकार और साइप्रस के लोगों को ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III के लिए हार्दिक बधाई देता हूं। यह सम्मान सिर्फ नरेंद्र मोदी के लिए मेरा सम्मान नहीं है, बल्कि यह 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। यह उनकी ताकत और आकांक्षाओं का सम्मान है। यह हमारे देश की संस्कृति, भाईचारे और वसुधैव कुटुंबकम की विचारधारा का सम्मान है। मैं यह सम्मान भारत और साइप्रस के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों, हमारे साझा मूल्यों और हमारी आपसी समझ को समर्पित करता हूं।” उन्होंने आगे कहा, “मैं सभी भारतीयों की ओर से अत्यंत विनम्रता और कृतज्ञता के साथ इस सम्मान को स्वीकार करता हूं। यह सम्मान शांति, सुरक्षा, संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और हमारे लोगों की समृद्धि के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। मैं इस सम्मान के महत्व को भारत और साइप्रस के बीच संबंधों के प्रति जिम्मेदारी के रूप में समझता हूं और इसे उसी भावना से लेता हूं। मुझे विश्वास है कि आने वाले समय में हमारी सक्रिय साझेदारी नई ऊंचाइयों को छुएगी। हम साथ मिलकर न केवल अपने देशों के विकास को मजबूत करेंगे बल्कि एक शांतिपूर्ण और सुरक्षित वैश्विक वातावरण के निर्माण में भी योगदान देंगे।”
#WATCH | Nicosia: President of Cyprus, Nikos Christodoulides awards Prime Minister Narendra Modi with Grand Cross of the Order of Makarios III, the highest honour in Cyprus.
(Video: ANI/DD) pic.twitter.com/a5eqebCyoR
— ANI (@ANI) June 16, 2025
राष्ट्रपति भवन में आधिकारिक स्वागत प्रधानमंत्री मोदी का आज सोमवार को निकोसिया स्थित राष्ट्रपति भवन में आधिकारिक स्वागत किया गया। राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलाइड्स ने राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी अपने तीन देशों के दौरे पर कल रविवार को साइप्रस पहुंचे। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलाइड्स के साथ निकोसिया में कारोबारियों के साथ गोलमेज बैठक में हिस्सा लिया और व्यापार, निवेश और रक्षा जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने का आह्वान किया, क्योंकि इस क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाएं हैं।
पीएम रविवार को साइप्रस की राजधानी निकोसिया पहुंचे। उन्होंने बैठक में भारत और साइप्रस के कारोबारी नेताओं को संबोधित भी किया। उन्होंने कहा, साइप्रस लंबे समय से भारत का भरोसेमंद साझेदार रहा है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 23 साल बाद कोई भारतीय प्रधानमंत्री साइप्रस की यात्रा पर आया है और पहला कार्यक्रम कारोबारियों के साथ गोलमेज बैठक थी। यह दर्शाता है कि आर्थिक जगत से जुड़े लोग भारत और साइप्रस के संबंधों के लिए कितने महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कई भारतीय कंपनियां इसे यूरोप के प्रवेश द्वार के रूप में देखती हैं।पीएम मोदी तीन देशों की अपनी यात्रा के पहले चरण के तहत कल साइप्रस पहुंचे। इसके बाद वे कनाडा और क्रोएशिया भी जाएंगे। पिछले दो दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली साइप्रस यात्रा है।