Mannara Chopra Crying At Airport: एक्ट्रेस मन्नारा चोपड़ा, जो कि प्रियंका चोपड़ा और परिणीति चोपड़ा की कजिन हैं, इस समय जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। 16 जून 2025 को मन्नारा के पिता रमन राय हांडा का निधन हो गया। इस दुखद खबर की जानकारी खुद मन्नारा ने सोशल मीडिया के जरिए दी। अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर उन्होंने एक इमोशनल नोट साझा करते हुए लिखा कि उनके पिता अब इस दुनिया में नहीं रहे। रमन हांडा दिल्ली हाईकोर्ट में वकील थे और 72 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली।
सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करने के कुछ ही घंटे बाद मन्नारा का एक वीडियो वायरल हो गया, जिसमें उन्हें एयरपोर्ट पर बहन मिताली हांडा के साथ देखा गया। वीडियो में मन्नारा हरे रंग की शर्ट और नीली डेनिम पहने नजर आईं। उनके चेहरे पर गम और बेचैनी साफ झलक रही थी। वह फोन पर बात करते हुए नजर आईं और इस दौरान उनकी आंखों में आंसू भी दिखे। वह अपना लगेज खुद कैरी कर रही थीं और उनका चेहरा बेहद थका और टूटा हुआ नजर आ रहा था।
बताया जा रहा है कि जब पिता के निधन की खबर मन्नारा को मिली, तब वह मुंबई से बाहर थीं। जैसे ही उन्हें इस दुखद सूचना की जानकारी मिली, वह तुरंत मुंबई लौटीं। इसी दौरान उन्हें एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया। मन्नारा की ये हालत देखकर उनके फैंस भी बेहद दुखी हैं। सोशल मीडिया पर लोग उनके लिए दुआएं कर रहे हैं। एक यूज़र ने लिखा, “उसे इस वक्त अकेला छोड़ दो, वह बहुत दुख में है।” वहीं, किसी ने कहा, “बेटी के लिए पिता का जाना सबसे बड़ा सदमा होता है।”
रमन हांडा का अंतिम संस्कार 18 जून को दोपहर 1 बजे मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित अंबोली श्मशान घाट में किया जाएगा। परिवार में उनकी पत्नी कामिनी चोपड़ा हांडा और दो बेटियां मन्नारा और मिताली हैं। रमन हांडा की पहचान एक सफल वकील के रूप में थी और वह प्रियंका व परिणीति चोपड़ा की बुआ के पति थे। गौरतलब है कि मन्नारा चोपड़ा ‘बिग बॉस’ के जरिए पॉपुलर हुईं थीं। इसके अलावा वह साउथ की कई फिल्मों और टीवी शोज़ में भी नजर आ चुकी हैं। इस दुखद घटना के बाद इंडस्ट्री से भी कई लोग शोक व्यक्त कर रहे हैं और मन्नारा के प्रति संवेदनाएं जाहिर कर रहे हैं।
View this post on Instagram