Karisma Kapoor On Sunjay Kapur: बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के पूर्व पति और बिजनेसमैन संजय कपूर की मौत ने हर किसी को हैरान कर दिया है। 12 जून 2025 को इंग्लैंड में पोलो खेलते हुए उनका निधन हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, संजय कपूर के गले में एक मधुमक्खी घुस गई थी, जिसके कारण उन्हें दिल का दौरा पड़ा और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हालांकि, संजय कपूर का पार्थिव शरीर अब तक भारत नहीं लाया जा सका है। बताया जा रहा है कि कानूनी जटिलताओं के चलते शव को दिल्ली लाने में देरी हो रही है। साथ ही पोस्टमॉर्टम की पूरी रिपोर्ट भी अभी तक नहीं आई है। संजय कपूर का अंतिम संस्कार दिल्ली में होने की संभावना है। इस हादसे के बाद जहां एक ओर लोगों की संवेदनाएं संजय के परिवार के साथ हैं, वहीं दूसरी ओर करिश्मा कपूर के साथ उनके पुराने रिश्ते को लेकर भी चर्चा फिर से तेज हो गई है।
करिश्मा कपूर और संजय कपूर की शादी साल 2003 में बड़े धूमधाम से हुई थी। उस वक्त करिश्मा ने फिल्मों से दूरी बनाकर अपना सारा ध्यान शादीशुदा जिंदगी और परिवार को देने का फैसला किया था। लेकिन यह रिश्ता ज्यादा दिन नहीं टिक सका और दोनों के बीच दूरियां बढ़ती गईं। साल 2010 में दोनों अलग हो गए और 2014 में करिश्मा कपूर ने तलाक के लिए अर्जी दे दी। 2016 में यह तलाक आधिकारिक रूप से पूरा हुआ। तलाक की प्रक्रिया के दौरान दोनों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए। करिश्मा ने संजय पर घरेलू हिंसा, मानसिक प्रताड़ना और बच्चों की अनदेखी के आरोप लगाए, तो वहीं संजय कपूर ने करिश्मा पर लालच और भावनात्मक दूरी जैसे आरोप लगाए।
एक इंटरव्यू में करिश्मा ने कहा था कि जब उनका बेटा कियान सिर्फ 4 महीने का था और बीमार था, तब भी संजय उन्हें अकेला छोड़कर प्रिंस विलियम के साथ पोलो खेलने चले गए थे। करिश्मा ने आरोप लगाया था कि संजय को अपने बच्चों से ज्यादा पोलो से लगाव था और उन्होंने सिर्फ इसलिए शादी की क्योंकि करिश्मा एक सफल और प्रसिद्ध एक्ट्रेस थीं। करिश्मा ने यह भी बताया था कि संजय कपूर उनके और बच्चों के खर्चों को लेकर हमेशा कंजूसी करते थे, जबकि उनके पास पर्याप्त साधन थे। उनके पिता रणधीर कपूर ने भी एक इंटरव्यू में कहा था कि ‘हम कपूर हैं, हमें किसी के पैसों की जरूरत नहीं है। हमारे पास न सिर्फ पैसा है, बल्कि टैलेंट भी है जो हमें जीवन भर रोटी खिला सकता है।’
तलाक के बाद कोर्ट के आदेशानुसार, संजय कपूर को करिश्मा कपूर को करीब 70 करोड़ रुपये की एलिमनी देनी पड़ी थी। इसके साथ ही उन्होंने अपने बच्चों के नाम पर 14 करोड़ के बॉन्ड भी खरीदे थे और अपने पिता का एक मकान करिश्मा के नाम कर दिया था। संजय कपूर ने भी पलटवार करते हुए कहा था कि करिश्मा ने उन्हें पैसों के लिए इस्तेमाल किया। एक रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने दावा किया कि करिश्मा ने अभिषेक बच्चन के साथ रिश्ता टूटने के बाद उन्हें ‘रिबाउंड’ के तौर पर अपनाया और शादी के बाद कभी भी भावनात्मक रूप से रिश्ते में नहीं रहीं।
संजय कपूर की जिंदगी में दो और शादियां हुई थीं। तीसरी शादी उन्होंने प्रिया सचदेव से की थी, जिनसे उन्हें एक बेटा अजरियास है। वह अपने तीसरे परिवार के साथ एक लग्जरी लाइफ जी रहे थे। अब जब उनकी अचानक मौत की खबर सामने आई है, तो करिश्मा कपूर के पुराने इंटरव्यू और बयान फिर से चर्चा में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर लोग करिश्मा के दर्द और उनके आरोपों को लेकर सहानुभूति जता रहे हैं, वहीं कुछ लोग इस दुखद मौके पर दोनों के रिश्ते की कड़वी यादों को फिर से कुरेदने को अनुचित भी बता रहे हैं। संजय कपूर के निधन के बाद इंडस्ट्री में शोक की लहर है।