Aaj Ka Mausam: देश के अधिकतर राज्यों में मानसून ने दस्तक दे दी है और झमाझम बारिश हो रही है। लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। जानकारी के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून लद्दाख और हिमाचल प्रदेश तक पहुंच चुका है। देश के उन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की बात करें तो अब तक केवल जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ही मानसून अब तक नहीं पहुंची है। लेकिन अन्य राज्यों के साथ-साथ इन राज्यों में भी भारी बारिश हो रही है। हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है। यूपी में बिजली गिरने से चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि छत्तीसगढ़ में दो बच्चों समेत चार लोग उफनती नदी में बह गए।
मौसम विभाग ने 22 जून से उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में और भारी बारिश की संभावना जताई है। अगले सात दिनों तक पूर्वोत्तर में भारी बारिश के आसार हैं। इसके अलावा, भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के कुछ हिस्सों में मानसून पहुंच गया है। साथ ही यह बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बचे हुए हिस्सों, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में भी आगे बढ़ गया है। अगले 2 दिनों के दौरान इन राज्यों में मानसून के पहुंचने की संभावना है। जानकारी के अनुसार, मानसून अगले 2 दिनों के दौरान उत्तरी अरब सागर, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा के कुछ हिस्सों और चंडीगढ़ और दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में पहुंच सकता है।
आपको बतातें चलें कि, हिमाचल में पहले से ही हल्की प्री-मानसून बारिश हो रही है। अब मानसून के आगमन के साथ ही मूसलाधार बारिश शुरू हो गई है। इससे कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। भूस्खलन के कारण धर्मशाला-चतरो-गग्गल मार्ग समेत कई सड़कों पर यातायात बंद कर दिया गया है। पूर्वोत्तर झारखंड और आसपास के इलाकों में बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर होकर दक्षिण बिहार और आसपास के इलाकों में पहुंच गया है। एक ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा पूर्वोत्तर राजस्थान और मध्य क्षोभमंडल स्तर पर स्थित है। वहीं, उत्तर-पश्चिम राजस्थान से मेघालय तक भी कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है।
राजस्थान में 114 मिमी बारिश दक्षिण-पश्चिम मानसून राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में पहुंच गया है और इन इलाकों में भारी बारिश हो रही है। शुक्रवार को भीलवाड़ा जिले के बिजोलिया में सबसे ज्यादा 114 मिमी बारिश हुई, जबकि जयपुर के फुलेरा, कोटा के रामगंजमंडी और भीलवाड़ा के शाहपुर में 110 मिमी बारिश दर्ज की गई।