Rishabh Pant: टेस्ट क्रिकेट शुरू होते ही ऋषभ पंत अलग ही ले में नजर आते हैं और लीड्स टेस्ट में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। पंत ने इंग्लैंड पहुंचते ही शतक जड़ दिया है। लीड्स टेस्ट के दूसरे दिन पंत ने 146 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 10 चौकों और 4 छक्कों की मदद से शतक पूरा किया। अपना 44वां टेस्ट खेल रहे पंत का यह 7वां शतक है। पंत ने ऑफ स्पिनर शोएब बशीर की गेंद पर एक हाथ से छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया।
भारत के विश्व विजेता पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भारत के लिए 90 टेस्ट मैच खेले। इस दौरान उनके बल्ले से 6 शतक निकले। लेकिन इस करियर में एशिया के बाहर एक भी शतक नहीं लगाया। दूसरी ओर लीड्स में शतक के साथ पंत ने टेस्ट में 7 शतक पूरे कर लिए हैं। इसके साथ ही पंत टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने इंग्लैंड में तीन, दक्षिण अफ्रीका में एक और ऑस्ट्रेलिया में एक शतक लगाया है। बता दें कि किसी भी विदेशी विकेटकीपर ने इंग्लैंड में एक से ज्यादा शतक नहीं लगाया है।
ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट ने बतौर विकेटकीपर खेलते हुए सबसे ज्यादा 17 शतक लगाए हैं। जिम्बाब्वे के एंडी फ्लावर 12 शतकों के साथ दूसरे नंबर पर हैं। 1929 से 1939 तक इंग्लैंड के लिए खेलने वाले लेस एम्स ने 8 शतक लगाए थे। एबी डिविलियर्स, मैट प्रायर, कुमार संगकारा और बीजे वाटलिंग ने भी बतौर विकेटकीपर पंत के बराबर 7-7 शतक लगाए हैं। पंत ने 2018 में इंग्लैंड में टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने उसी दौरे के आखिरी टेस्ट में शतक लगाया था।