Aaj Ka Mausam: दिल्ली में आखिर कब होगी बारिश, ये सवाल सबके मन में उठ रहा है। लेकिन इसका जवाब किसी के पास नहीं है। आसमान में छाए बादल लोगों का मुंह चिढ़ा रहे हैं, क्योंकि ये बादल अब तक बरसे नहीं है। दिल्ली-एनसीआर में लोग बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। देश के ज्यादातर हिस्सों में मानसून ने दस्तक दे दी है, हालांकि दिल्ली एनसीआर को इसके लिए अभी और इंतजार करना होगा। वहीं दूसरी ओर यूपी-बिहार, झारखंड, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में मानसून पहुंच चुका है। महाराष्ट्र, गुजरात और दक्षिण भारत में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 7 दिनों में उत्तर भारत में भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में 23-29 जून 2025 तक मौसम सुहाना रहने वाला है। वहीं तापमान में गिरावट के साथ ही लगातार बारिश की संभावना बढ़ गई है। बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली भी देखने को मिल सकती है। दिल्ली में 23, 24 और 25 जून को येलो अलर्ट जारी किया गया है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है। वहीं न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज भारी बारिश हो सकती है। इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। इससे गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन कई जगहों पर जलभराव होगा। आपको बता दें कि सहारनपुर, गढ़, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, मथुरा, शामली, हाथरस और मुरादाबाद में भारी बारिश हो सकती है। बिहार में कुछ दिनों तक तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा और बारिश की संभावना भी नहीं है।
इन दिनों पहाड़ों में बारिश की संभावना है, जिससे पूरे इलाके में ठंड बढ़ेगी। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में जल्द ही बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। हिमाचल के कांगड़ा में 37 मिमी, शिमला में 3.6 मिमी और मंडी में 21.8 मिमी बारिश हो सकती है। बारिश को लेकर इन जगहों पर येलो अलर्ट जारी किया गया है।