Arvind Kejriwal: आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने लुधियाना और विसावदर उपचुनाव में जीत के लिए पार्टी को बधाई दी और जनता का आभार जताया। लुधियाना से संजीव अरोड़ा जीते तो विसावदर से गोपाल इटालिया जीते। केजरीवाल ने कहा कि एक समय था जब कहा जाता था कि राजनीति अच्छे लोगों के लिए नहीं है, लेकिन आम आदमी पार्टी ने इस धारणा को तोड़ा है।
आप ने लुधियाना पश्चिम सीट बरकरार रखी। इस सीट से संजीव अरोड़ा ने कांग्रेस उम्मीदवार भारत भूषण आशु को 10,637 वोटों के अंतर से हराया। गुजरात की विसावदर सीट पर हुए उपचुनाव में गोपाल इटालिया पहले स्थान पर रहे। भाजपा दूसरे और कांग्रेस तीसरे स्थान पर रही।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, मैं दोनों को बधाई देना चाहता हूं। मैं बहुत खुश हूं। एक समय था जब कहा जाता था कि राजनीति अच्छे लोगों के लिए नहीं है, लेकिन आप ने इस धारणा को तोड़ा है। जनता ने दोनों की मेहनत का समर्थन किया। जनता चाहती है कि अच्छी छवि वाले लोग राजनीति में आएं। उन्होंने कहा कि हम पिछली बार से ज्यादा वोटों से पंजाब में जीते हैं। पंजाब में जिस तरह से आप सरकार काम कर रही है, मुझे लगता है कि अगले चुनाव में आप 100 सीटों का आंकड़ा पार कर जाएगी।
पूरे देश में नशा बिकता है, लेकिन जिस तरह की चोट नशा तस्करों पर पंजाब में मारी जा रही है, उस तरह का एक्शन दूसरे राज्यों में देखने को नहीं मिल रहा है।
बड़े-बड़े नशा तस्करों के घरों पर बुलडोज़र चलाया जा रहा है, उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है, चाहे कोई कितना भी बड़ा नेता हो, उसे… pic.twitter.com/72uXbVTy8o
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) June 25, 2025
केजरीवाल ने आगे कहा कि गुजरात में भी हम पहले से ज्यादा वोटों से जीते हैं। गुजरात में यह जीत 2027 में होने वाले चुनावों का संकेत है। आज गुजरात की जनता के लिए आप एक उम्मीद है। गुजरात की जनता आप में उम्मीद देखती है। कांग्रेस कभी भी गुजरात की जनता की उम्मीद नहीं थी। कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व भाजपा की गोद में बैठा है।
उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस को समझ चुकी है। कांग्रेस और भाजपा दोनों मिलकर चुनाव लड़ रही हैं। हमारी लड़ाई पार्टियों से नहीं, बल्कि सिस्टम से है। मैं जनता का बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं। ये दोनों जीत सेमीफाइनल हैं, जो बताती हैं कि आने वाले गुजरात चुनाव में आप सरकार बनाएगी और पंजाब में हमें 100 से ज्यादा सीटें मिलेंगी।