Adipurush Controversy, Inkhabar। आदिपुरुष फिल्म को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है, फिल्म के कई डायलॉग्स को लेकर ये विवाद हो रहा है। फिल्म के गाने और डायलॉग मनोज मुंतशिर ने लिखे है। मनोज मुंतशिर इस विवाद को लेकर लगातार सफाई भी दे रहे हैं, लेकिन इसके साथ ही हर दिन एक नया विवाद खड़ा हो जाता है। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान मुंतशिर ने ये बयान दिया कि बजरंगबली भगवान नहीं हैं, जिसे लेकर जमकर विवाद शुरू हो गया है। अब तमाम विपक्षी दलों ने इसी बीजेपी और आरएसएस को घेरना शुरू कर दिया है।
मनोज मुंतशिर ने क्या कहा ?
बता दें, फिल्म को लेकर आरोप लग रहे हैं कि इसमें भगवान श्रीराम और बजरंगबली को अलग तरह से दिखाया गया है, उनके डायलॉग टपोरी भाषा में लिखे गए हैं। इसी बीच स्क्रिप्ट राइटर मनोज मुंतशिर ने कहा है कि हनुमान भगवान नहीं, एक भक्त थे। उनकी भक्ति में शक्ति थी इसलिए हमने उन्हें भगवान बनाया।
संजय सिंह ने किया ट्वीट
मनोज मुंतशिर के इसी बयान को लेकर अब विपक्षी दलों ने बीजेपी को घेरना शुरू कर दिया है। आप के सांसद संजय सिंह ने ट्विटर पर मुंतशिर का वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि, भाजपा के जिन मुख्यमंत्रियों ने अपने आशीर्वाद से आदिपुरुष फिल्म बनवाई है, क्या वो भी मानते हैं भगवान बजरंग बली भगवान नही हैं? तो क्या भाजपा हनुमान चालीसा भी बैन कर देगी? इस देश को क्या क्या दिन देखना पड़ेगा?
दिग्विजय सिंह ने RSS पर किया हमला
संजय सिंह के अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भी इस विवाद को लेकर बीजेपी की चुटकी ली. दिग्विजय सिंह ने लिखा. “आरएसएस तो भगवान राम को भी ईश्वर का अवतार नहीं मानता है। वो भगवान राम को एक ‘महापुरुष’ मानते हैं, भगवान का अवतार नहीं। लगता है मनोज ‘शुक्ला’ भी उसी स्कूल से निकला है।”