नई दिल्ली। देशभर में कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों की संख्या अब 3207 तक पहुंच चुकी है। केरल में सबसे अधिक 1147 एक्टिव केस हैं। इसके बाद महाराष्ट्र दूसरे स्थान पर है। शुक्रवार को महाराष्ट्र में 84 नए मामले सामने आए, जिससे यहां कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 681 हो गई है। देश के कुल 60 प्रतिशत एक्टिव केस सिर्फ इन दो राज्यों में हैं।
कोरोना से जान गंवाने वालों की संख्या 20 हुई
बता दें कि कोरोना से जान गंवाने वालों की कुल संख्या 20 हो गई है। इनमें सबसे ज्यादा 6 मौतें महाराष्ट्र में दर्ज की गई हैं। कर्नाटक के मैसूर जिले में शुक्रवार को 63 वर्षीय एक बुज़ुर्ग की मौत हो गई, जो राज्य में कोरोना से तीसरी मौत है। महाराष्ट्र, केरल, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में अब तक कुल 13 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने 31 मई को दिल्ली, गुजरात, पंजाब और तमिलनाडु में एक-एक मौत की पुष्टि की है।
कर्नाटक सरकार ने जारी किया नया सर्कुलर
वहीं, कर्नाटक सरकार ने राज्य में बढ़ते संक्रमण को ध्यान में रखते हुए एक नया सर्कुलर जारी किया है। इसमें माता-पिता से आग्रह किया गया है कि यदि बच्चों को सर्दी, खांसी, बुखार या कोविड जैसे कोई लक्षण दिखाई दें तो वो उन्हें स्कूल न भेजें।
मिजोरम में 7 महीने बाद आया नया मामला
मिजोरम में दो लोगों में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, राज्य में सात महीने बाद कोरोना के नए केस दर्ज हुए हैं। इससे पहले राज्य में आखिरी मामला अक्टूबर 2024 में सामने आया था, जब 73 लोग वायरस से संक्रमित पाए गए थे।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों मरीजों का इलाज आइजोल के पास स्थित फलकॉन में जेडएमसीएच (जोरा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल) में किया जा रहा है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत आने वाले इंटीग्रेटेड डिज़ीज़ सर्विलांस प्रोग्राम (IDSP) ने लोगों से घबराने की बजाय सतर्कता बरतने की अपील की है।
यह भी पढ़ें-
नॉर्थ ईस्ट राज्यों में पहुंचा मानसून, असम-मिजोरम में लैंडस्लाइड से कई लोगों की मौत