नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आश्रम फ्लाईओवर का उद्घाटन कर दिया है। इसके चलते अब लाखों लोगों को जाम से मुक्ति मिलेगी। आज सुबह मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि, आश्रम फ्लाईओवर खुलने का इंतजार अब समाप्त हो गया है। आज में इसका उद्घाटन करूंगा और पांच बजे शाम से लोग इसका लाभ उठाने लग जाएंगे।
kejriwal
बता दें, इससे पहले फ्लाईओवर का उद्घाटन 28 फरवरी को होना था, लेकिन एक्सटेंशन का काम पूरा नहीं होने के कारण कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया। जिसके बाद इसका उद्घाटन आज किया गया। वहीं अगर फ्लाईओवर को बनाने की बात की जाए तो पीडब्ल्यूडी ने आश्रम फ्लाईओवर के एक्सटेंशन के काम का कॉन्ट्रैक्ट जून 2020 में एक निजी कंपनी को दिया था। इसके निर्माण पर लगभग 128.79 करोड़ रुपए का बजट तय किया गया था। लेकिन कार्य में विलंब होने के कारण अब तक इस पर 142.54 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं।
मौजूद नहीं रहेंगे सिसोदिया
फ्लाईओवर के उद्घाटन के समय मनीष सिसोदिया मौके पर मौजूद नहीं रहे। इस दौरान उनकी जगह कैलाश गहलोत को उद्घाटन समारोह में देखा गया। बता दें, सिसोदिया के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) का अतिरिक्त प्रभार कैलाश गहलोत को सौंपा गया है।