Inkhabar
  • होम
  • Crime
  • जिंदा महिला को मर्चुरी के फ्रीजर में रखा, परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा, डॉक्टर्स पर लगाया लापरवाही का आरोप

जिंदा महिला को मर्चुरी के फ्रीजर में रखा, परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा, डॉक्टर्स पर लगाया लापरवाही का आरोप

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां सड़क हादसे में एक महिला घायल हो गई थी। जब उसे अस्पताल पहुंचाया गया तो डॉक्टर्स ने उसे मरा समझकर मर्चुरी के फ्रीजर में रख दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

mortuary
inkhbar News
  • Last Updated: January 19, 2025 10:08:15 IST

नई दिल्ली: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां सड़क हादसे में एक महिला घायल हो गई थी। जब उसे अस्पताल पहुंचाया गया तो डॉक्टर्स ने उसे मरा समझकर मर्चुरी के फ्रीजर में रख दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद महिला के परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया और सड़क पर आकर चक्काजाम भी कर दिया। परिजनों ने डॉक्टर्स पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

सड़क हादसे में घायल हुई महिला

जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल का सबसे बड़ा अस्पताल हमीदिया एक बार फिर विवादों से घिर गया है। बताया जा रहा है कि रामकुंवर अहिरवार नाम की एक महिला शनिवार के दिन अपने बच्चे के साथ बैरसिया से करोंद स्थित अपने घर वापस लौट रही थी। इसी दौरान ईटखेड़ी थाना इलाके के नेपानिया जाट पर महिला का एक्सीडेंट हो गया। इस हादसे में महिला घायल होकर बेहोश हो गई। इसके बाद एम्बुलेंस से इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल लाया गया था।

मरा समझकर फ्रिज में रखा

इस मामले में मृतक महिला के पति तुलाराम अहिरवार ने कहा कि-जब वह हमीदिया अस्पताल पहुंचे तो बच्चे तो अस्पताल में थे, लेकिन उनकी पत्नी वहां मौजूद नहीं थी। जब उन्होंने अस्पताल की मर्चुरी में जाकर देखा तो वह फ्रिज में थी। जब उन्होंने फ्रीजर खोल कर देखा तो उनकी पत्नी की सांस चल रही थी। महिला के पति तुलाराम का कहना है कि उनकी पत्नी को मरा समझकर डॉक्टर्स ने उसे फ्रिज में रखा, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। महिला के पति तुलाराम ने दोषी डॉक्टर्स पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

सड़क जाम की

महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और सड़क पर आकर चक्काजाम कर दिया। डॉक्टर्स पर महिला के पति ने लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि उसको इलाज भी नहीं मिला और परिजनों के आने से पहले जिंदा महिला को मर्चूरी में रख दिया। इस हंगामे की खबर मिलते ही कोहेफिजा थाने की पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हंगामे को शांत कराया। मृतक के परिजनों ने महिला की मौत को लेकर डॉक्टर्स पर कार्रवाई करने को कहा है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

Also Read…

सैफ अली खान का हमलावर मोहम्मद आलियान ठाणे से गिरफ्तार, आरोपी बोला – मैंने ही मारा…