नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां कोचिंग जाते समय बदमाशों ने एक लड़की को बुरी तरह से पीटा। इतना ही नहीं आरोपियों ने पीड़िता के साथ अश्लील हरकत करने की भी कोशिश की। जब छात्रा ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उसे मरणासन्न होने तक उसे पीटा। छात्रा का गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला गाजीपुर के शादियाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव का बताया जा रहा है। जहां की एक महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी नातिन 29 जनवरी की सुबह अपने घर से कोचिंग के लिए शादियाबाद जा रही थी। इसी दौरान लड़की को कुछ बदमाशों ने रास्ते में घेर लिया। बदमाश लड़की के साथ सरेआम अश्लील हरकतें करने लगे। जब लड़की को यह सब बर्दाश्त नहीं हुआ तो उसने उनका विरोध किया। जिसके बाद आरोपियों ने पीटना शुरू कर दिया। बदमाशों ने उसे बुरी तरह से पीटा है जिससे उसके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। लड़की को मरणासन्न छोड़कर बदमास वहां से चलते बने।
बता दें कि पीड़िता छात्रा अपने ननिहाल में रहकर अपनी पढ़ाई पूरी कर रही है। लड़की फिलहाल इंटर की छात्रा है। पढ़ाई के लिए वह गांव में ही कोचिंग भी कर रही थी। सभी आरोपियों ने लड़की को लाठी और डंडों से पीटा है जिससे उसका सिर भी फट गया और वह बेहोश हो गई। जब तक वह बेहोश नहीं हो गई, तब तक आरोपियों ने उसे पीटना जारी रखा और उसके हाथ-पैर में कई फैक्चर किए हैं। लड़की को मरा हुआ समझकर आरोपी मौके से फरार हो गए। आरोपियों के भारने के बाद किसी तरह महिला को पीड़िता के साथ हुई घटना की खबर मिली।
इस घटना के बाद छात्रा को लड़की की नानी इलाज के लिए मनिहारी ले गई जहां पर डॉक्टर ने बेहोशी की हालत देखते हुए गाजीपुर जिला अस्पताल के लिए रेफर किया। फिलहाल गाजीपुर के मेडिकल कॉलेज में छात्रा का इलाज चल रहा है। वहीं इस घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के साथ पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 61(2), 76, 110, 191(2), 115(2) और 126(2) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फिलहाल आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
Also Read…