पटना। बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने बड़ा फैसला लिया है। पार्टी ने अखिलेश प्रसाद को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटा दिया है। उनकी जगह राजेश कुमार को बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है।
बता दें कि राजेश कुमार औरंगाबाद जिले की कुटुंबा विधानसभा सीट से विधायक हैं। उन्होंने 2020 के विधानसभा चुनाव में कुटुंबा से बड़ी जीत हासिल की थी। अनुसूचित जाति से आने वाले राजेश को प्रदेश की कमान देना पार्टी का बड़ा दांव माना जा रहा है।
अखिलेश प्रसाद सिंह के छुट्टी के पीछे बड़ी वजह उनकी लालू परिवार से नजदीकी बताई जा रही है। कहा जा रहा है कि अखिलेश प्रसाद के प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए पार्टी नेतृत्व राजद से सीट बंटवारे में दिक्कत हो रही थी। राजद अपनी मनमर्जी से हारी हुई सीटों को कांग्रेस को दे देता था, लेकिन इस बार पार्टी ज्यादा सीटें मांगने के मूड में दिख रही है।