Delhi Crime News: दिल्ली के ज्योति नगर इलाके से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां नेहा नाम की लड़की को तौफीक नाम के युवक ने बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल से नीचे फेंक दिया। नेहा के नीचे गिरते ही इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के तुरंत बाद लोगों ने घायल नेहा को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान नेहा की मौत हो गई।
लड़की के पिता का आरोप है कि तौफीक बुर्का पहनकर उनकी बिल्डिंग में घुसा। उसने पहले नेहा के पिता को धक्का दिया और नेहा के पास गया। नेहा का पहले तौफीक से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। उसने किसी बहाने से नेहा को बिल्डिंग की छत पर बुलाया और फिर उसे नीचे फेंक दिया। हालांकि नेहा के परिवार ने दावा किया है कि नेहा पानी की टंकी चेक करने के लिए छत पर गई थी।
मामले की जानकारी देते हुए नेहा के पिता ने बताया कि नेहा हर साल आरोपी तौफीक को राखी बांधती थी। परिवार तौफीक को करीब तीन साल से जानता है। लेकिन नेहा अब तौफीक से बात नहीं करना चाहती थी। परिवार का आरोप है कि तौफीक नेहा को परेशान करता था। उसे धमकाता भी था। पुलिस ने परिवार के बयान के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी तौफीक फरार हो गया, पुलिस उसकी तलाश कर रही है। तौफीक मुरादाबाद का रहने वाला है। लेकिन वह मंडोली रोड पर काम करता है, जिसके चलते वह दिल्ली में रहता है। बताया जा रहा है कि जब से नेहा ने तौफीक से बात करना बंद किया था, तब से वह नेहा से नाराज था। तौफीक नेहा की बिल्डिंग के सामने वाले मकान में रहता है।
वहीं, नेहा की मौत के बाद पूरे इलाके में गुस्से का माहौल है। इसके चलते इलाके में पुलिस और अर्धसैनिक बलों को तैनात कर दिया गया है। हालात को देखते हुए मृतक नेहा के शव को भारी फोर्स के बीच तुरंत घर से श्मशान घाट ले जाया गया। अंतिम यात्रा में लोगों ने नारे भी लगाए।