नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को दिल्ली के करावल नगर पहुंचे। यहां उन्होंने एक बड़ी चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी की सरकार पर खूब निशाना साधा। इसके साथ ही उन्होंने प्रयागराज के महाकुंभ में मंगलवार की देर रात हुई भगदड़ पर दुख जताया।

इस बीच पीएम मोदी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में पीएम मोदी बीजेपी कैंडिडेट रवींद्र नेगी को उनका छूने से रोकते हुए नजर आ रहे हैं। इसके बाद वह खुद ही झुककर रवींद्र सिंह नेगी के तीन बार पैर लगते हैं। पीएम मोदी का यह अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों को काफी पंसद आ रहा है।

केजरीवाल पर निशाना साधा

पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली के एक पूर्व सीएम ने हरियाणा के लोगों पर बेहद ही घिनौने आरोप लगाए हैं। इन लोगों की बेशर्मी देखिए कि ये अपनी नाकामी का ठीकरा हरियाणा के लोगों पर फोड़ रहे हैं। इन्हें यमुना की सफाई करनी नहीं आती है लेकिन इनके बयानों से इनका चरित्र जरूर पता चल रहा है ये लोग बेशर्मी, बेईमानी और बदनीयती पर उतर आए हैं।

मैं भी वही पानी पी रहा हूं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी रैली में कहा कि आप-दा वाले हार के डर से पूरी तरह बौखला गए हैं। क्या हरियाणा के लोग दिल्ली वालों से अलग हैं? क्या दिल्ली में हरियाणा के लोगों के बच्चे नहीं रहते हैं? क्या हरियाणा वाले अपने ही बच्चों के पानी में जहर मिला सकते हैं? पीएम ने आगे कहा कि हरियाणा के भेजा हुआ पानी मैं भी पिछले 11 सालों से पी रहा हूं।

केजरीवाल ने क्या कहा था..

बता दें कि इससे पहले दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी (AAP) के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा की भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार पर गंभीर आरोप लगाया। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की जनता को हरियाणा और उत्तर प्रदेश से पीने का पानी मिलता है। यमुना में हरियाणा से दिल्ली पानी आता है। बीजेपी की हरियाणा सरकार ने यमुना के पानी को जानबूझकर जहरीला कर दिया है।

केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा सरकार ने यमुना के पानी में ऐसा जहर मिला दिया है, जिसे जल उपचार संयंत्र साफ नहीं कर सकता है। इसकी वजह से दिल्ली के एक तिहाई से ज्यादा हिस्से में इस वक्त पानी की कमी हो गई है। AAP सुप्रीमो ने कहा कि हरियाणा की सरकार ने दिल्ली में अफरा-तफरा मचाने के लिए ऐसी हरकत की है, जिससे दिल्ली के लोग मर जाएं और उसका दोष आम आदमी पार्टी पर आए।

यह भी पढ़ें-

महाराष्ट्र की तरह दिल्ली जीतेगी बीजेपी! अपने इस नेता को चुनावी दंगल में उतारा… घबराए केजरीवाल