नई दिल्ली/रांची। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A बंटता हुआ नजर आ रहा है। एक ओर जहां टीएमसी और समाजवादी पार्टी जैसे दलों ने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी का समर्थन कर दिया है। वहीं, झारखंड की सत्ताधारी पार्टी जेएमएम अभी तक असमंजस की स्थिति में है।
बताया जा रहा है कि जेएमएम के कर्ताधर्ता और झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन इस वक्त काफी असमंजस की स्थिति में हैं। क्योंकि झारखंड में हेमंत कांग्रेस के समर्थन से सरकार चला रहे हैं।
इसी वजह से वह अभी तक दिल्ली चुनाव को लेकर अपनी पार्टी की स्थिति को स्पष्ट नहीं कर पाए हैं। संभावना जताई जा रही है कि वो कांग्रेस या आप किसी का भी समर्थन ना करें और पूरे दिल्ली चुनाव के दौरान अपने पत्ते ना खोलें।
बता दें कि दिल्ली चुनाव में अपना खोया जनाधार वापस पाने के लिए कांग्रेस भी एड़ी-चोटी का ज़ोर लगा रखी है। नई दिल्ली विधानसभा सीट से अरविंद केजरीवाल के खिलाफ संदीप दीक्षित को उतारा गया है। ज्यादातर सीटों पर कांग्रेस ने मजबूत उम्मदीवार उतारे हैं।
दिल्ली की सभी 70 सीटों पर 5 फरवरी को मतदान होगा। 8 फरवरी को रिजल्ट की घोषणा की जाएगी। दिल्ली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी को ख़त्म होने वाला है। 2020 विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों की घोषणा 6 जनवरी को हुई थी। सभी 70 सीटों पर एक चरण में 8 फरवरी 2020 को वोटिंग हुई थी और नतीजों की घोषणा 11 फरवरी को हुई थी।
2020 के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 62 सीटों पर जीत हासिल की थी, वहीं भाजपा सिर्फ 8 सीटें जीतने में कामयाब रही। आम आदमी पार्टी ने 53.57% वोट शेयर हासिल किया था। कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल पाई थी।
हार का डर या कुछ और.. चुनाव के बीच में AAP ने क्यों बदले दो प्रत्याशी?