नई दिल्ली। दिल्ली में 4 दिनों के बाद विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। चुनाव प्रचार के आखिरी चरण में सभी सियासी दलों ने अपनी पूरी ताकत लगा दी है। इस बीच बीजेपी नेता और नई दिल्ली से उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने अपनी पार्टी के सर्वे का हवाला देते हुए दावा किया है कि नई दिल्ली विधानसभा सीट पर अरविंद केजरीवाल की जमानत जब्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि केजरीवाल नई दिल्ली सीट पर तीसरे नंबर पर रहेंगे।
बता दें कि नई दिल्ली सीट से शीला दीक्षित 1998 से 2013 तक विधायक थीं। 2013 के विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल ने शीला दीक्षित को नई दिल्ली से हरा दिया था। इसके बाद केजरीवाल लगातार तीन बार यहां से विधायक चुने जाते रहे हैं। लेकिन इस बार उन्हें कड़े मुकाबले का सामना करना पड़ सकता है। केजरीवाल के सामने कांग्रेस से शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित और बीजेपी से प्रवेश वर्मा उम्मीदवार हैं।
दिल्ली की सभी 70 सीटों पर 5 फरवरी को मतदान होगा। 8 फरवरी को रिजल्ट की घोषणा की जाएगी। दिल्ली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी को ख़त्म होने वाला है। 2020 विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों की घोषणा 6 जनवरी को हुई थी। सभी 70 सीटों पर एक चरण में 8 फरवरी 2020 को वोटिंग हुई थी और नतीजों की घोषणा 11 फरवरी को हुई थी।
2020 के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 62 सीटों पर जीत हासिल की थी, वहीं भाजपा सिर्फ 8 सीटें जीतने में कामयाब रही। आम आदमी पार्टी ने 53.57% वोट शेयर हासिल किया था। कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल पाई थी।
चुनाव आयोग के मुताबिक दिल्ली में कुल एक करोड़ 55 लाख वोटर्स हैं। इसमें 83 लाख से ज्यादा पुरुष मतदाता और 79 लाख महिला वोटर्स हैं। 830 ऐसे वोटर्स हैं, जिनकी उम्र 100 से अधिक है। पहली बार वोट डालने वाले युवाओं की संख्या 0.8 लाख है। 33 हजार 330 पोलिंग स्टेशन बनाये जाएंगे।
दिल्ली में वोटिंग से 5 दिन पहले केजरीवाल को बड़ा झटका, एक साथ 7 AAP विधायकों ने छोड़ी पार्टी