नई दिल्ली। दिल्ली के नए मुख्यमंत्री का ऐलान हो चुका है। बुधवार को हुई बीजेपी विधायक दल की बैठक में नए नाम की घोषणा हुई। बीजेपी नेता रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी। बुधवार को बीजेपी की विधायक दल की बैठक में उनके नाम की घोषणा हुई। रेखा अब कल यानी गुरुवार को दिल्ली के सीएम पद की शपथ लेंगी।
जानें कौन हैं रेखा गुप्ता
बता दें कि रेखा गुप्ता दिल्ली की शालीमार विधानसभा सीट से विधायक चुनी गई हैं। 2025 के चुनाव में रेखा ने आम आदमी पार्टी (AAP) की उम्मीदवार वंदना कुमारी को करीब 30,000 वोटों से मात दी है।
वह दिल्ली बीजेपी की महासचिव और पार्टी की महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। इससे पहले वह दक्षिण दिल्ली नगर निगम की मेयर भी रह चुकी हैं।
हरियाणा की मूल निवासी
बता दें कि 50 वर्षीय रेखा का जन्म साल 1974 में हरियाणा के जींद जिले में स्थित नंदगढ़ गांव में हुआ था। रेखा के पिता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में अधिकारी थे। साल 1976 में रेखा का पूरा परिवार दिल्ली में शिफ्ट हो गया, उस वक्त उनकी उम्र सिर्फ दो साल थी। रेखा की प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक राजधानी दिल्ली में हुई है।
चुनाव में बीजेपी की जीत
मालूम हो कि दिल्ली विधानसभा चुनाव-2025 में आम आदमी पार्टी (AAP) को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। यहां पार्टी ने अपनी 10 साली पुरानी सत्ता गंवा दी। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 27 साल के बाद दिल्ली में सरकार बनाई है। चुनाव में बीजेपी को 70 में से 48 सीटों पर जीत मिली। वहीं AAP को सिर्फ 22 सीटों पर ही सफलता मिली।
यह भी पढ़ें-
केजरीवाल की ये गलती सिसोदिया-आतिशी सबको ले डूबी, जानें दिल्ली में AAP के बुरी तरह हारने की वजह