नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव की काउंटिंग जारी है। अभी तक के रुझानों में आम आदमी पार्टी बुरी तरह पिछड़ती दिख रही है। वहीं बीजपी 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी का दावा कर रही है। आम आदमी की पार्टी के सभी बड़े नेताओं की धड़कने तेज हैं। इस बीच शिवसेना (यूबीटी) के सांसद ने आप को मिले झटके पर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भी महाराष्ट्र का पैटर्न लागू किया गया है। बता दें महाराष्ट्र चुनाव में विपक्षी पार्टियों ने बीजेपी पर धांधली करने का आरोप लगाया था। उन्होंने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस को नसीहत भी दी है।

‘साथ होते तो जीत जाते’

संजय राउत ने कहा दिल्ली में जीत हासिल करने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस और आप आगर साथ में चुनाव लड़ते तो, अच्छा होता। अगर कांग्रेस और आप साथ होते तो पहले घंटे में ही जीत जाते। संजय राउत ने कहा, “दिल्ली में भी नेतृत्व को खत्म करने के लिए महाराष्ट्र पैटर्न लागू किया जा रहा है। पीएम मोदी के खिलाफ खड़े होने वालों को खत्म करो। हरियाणा में यही हुआ। महाराष्ट्र में वोटर लिस्ट में 39 लाख वोट जोड़कर जीत हासिल की।”

अब तक के आंकड़ों में आगे भाजपा

आपको बता दें  10:30 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, भाजपा 43 सीटों पर आगे चल रही है। जबकि आम आदमी पार्टी  27 सीटों पर आगे चल रही है। अभी तक कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला है। दिल्ली में सरकार बनाने के लिए 36 सीटों की जरूरत है। अगर नतीजों में यह ट्रेंड बरकरार रहता है तो भाजपा 27 साल बाद दिल्ली की गद्दी पर काबिज होगी। जबकि आप 10 साल बाद सत्ता से बाहर हो जाएगी।