मुंबई: कोरोना काल में जरूरतमंदों की मदद कर ‘मसीहा’ कहलाने वाले बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद कानूनी मुश्किलों में घिर गए हैं। पंजाब की लुधियाना अदालत ने धोखाधड़ी के एक मामले में उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। यह आदेश न्यायिक मजिस्ट्रेट रमनप्रीत कौर ने दिया है। लेकिन कौन है जिसके साथ एक्टर ने धोखाधड़ी की है आइए जानते है.
क्या है पूरा मामला?
यह मामला लुधियाना के वकील राजेश खन्ना द्वारा मोहित शुक्ला नाम के व्यक्ति के खिलाफ दायर 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी से जुड़ा है। वकील का दावा है कि उन्हें नकली रिजिका कॉइन में निवेश करने के लिए लालच दिया गया था। इस मामले में सोनू सूद को गवाही देने के लिए अदालत में पेश होने को कहा गया था, लेकिन वह सुनवाई में हाजिर नहीं हुए। कोर्ट में अनुपस्थिति के चलते उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया।
गिरफ्तारी के आदेश
लुधियाना कोर्ट ने अपने आदेश में मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी को सोनू सूद को गिरफ्तार कर अदालत में पेश करने का निर्देश दिया है। आदेश में कहा गया है, “सोनू सूद को विधिवत समन या वारंट तामील किया गया था, लेकिन उन्होंने अदालत में हाजिर होने से बचने की कोशिश की। इसलिए, उन्हें गिरफ्तार कर 10 फरवरी 2025 तक अदालत में पेश किया जाए।”
अगली सुनवाई 10 फरवरी को
कोर्ट ने पुलिस को 10 फरवरी 2025 तक वारंट निष्पादित करने का निर्देश दिया है और यह भी स्पष्ट करने को कहा है कि वारंट का पालन कैसे किया गया या यदि नहीं किया गया तो उसका कारण क्या रहा। अब तक सोनू सूद या उनकी टीम की तरफ से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अभिनेता इससे पहले भी कई कानूनी मामलों में घिर चुके हैं, लेकिन हर बार उन्होंने अपना पक्ष मजबूती से रखा है। अब देखना होगा कि इस बार वह इस कानूनी लड़ाई में क्या रुख अपनाते हैं।
ये भी पढ़ें: बिगड़ा बैलेंस, गिरते-गिरते बची सलमान खान की अम्मी, यूजर्स बोले पुरे बॉलीवुड की मां