Inkhabar
  • होम
  • मनोरंजन
  • कुणाल कामरा का विवादों से गहरा रिश्ता, इससे पहले कर चुके हैं भारतीय ध्वज का अपमान!

कुणाल कामरा का विवादों से गहरा रिश्ता, इससे पहले कर चुके हैं भारतीय ध्वज का अपमान!

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर टिप्पणी करने के बाद मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन कुणाल कामरा के खिलाफ मुंबई पुलिस ने मामला दर्ज किया है। लेकिन क्या आप जानते हैं यह पहली बार नहीं है जब कामरा विवादों में फंसे हैं, इससे पहले भी उनके बयानों पर हंगामा हो चुका है। आइए जानते हैं विवादों के बारें में:

Kunal Kamra Controversies
inkhbar News
  • Last Updated: March 24, 2025 11:43:56 IST

मुंबई: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर टिप्पणी करने के बाद मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन कुणाल कामरा के खिलाफ मुंबई पुलिस ने मामला दर्ज किया है। बता दें, रविवार को कामरा ने अपने यूट्यूब चैनल पर महाराष्ट्र की राजनीति पर एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें उन्होंने एकनाथ शिंदे को ‘गद्दार’ कहा। इस बयान के बाद शिंदे गुट के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी, जिसके बाद पार्टी के नेता राहुल कनाल ने खार पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। लेकिन क्या आप जानते हैं यह पहली बार नहीं है जब कामरा विवादों में फंसे हैं, इससे पहले भी उनके बयानों पर हंगामा हो चुका है।

कब-कब हुआ विवाद

1. ओला फाउंडर भाविश अग्रवाल से विवाद

साल 2024 में ओला फाउंडर भाविश अग्रवाल और कुणाल कामरा के बीच सोशल मीडिया पर जमकर बहस हुई थी। कामरा ने ओला ई-स्कूटर की खराब सेवाओं को लेकर एक तस्वीर शेयर की थी, जिस पर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई थी। इस दौरान बहस इतनी बढ़ गई कि भाविश ने कामरा को तंज कसते हुए कहा था कि “हमारे लिए काम करना शुरू, तुम्हारे कॉमेडी करियर से ज्यादा पैसे देंगे।”

2. राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का आरोप

साल 2022 में कामरा पर भारतीय ध्वज के अपमान का आरोप लगा था। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की एक एडिट की गई तस्वीर शेयर की थी, जिसमें राष्ट्रीय ध्वज को एक राजनीतिक पार्टी के ध्वज से बदल दिया गया था। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता सौरभ तिवारी ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

3. एयरलाइंस ने लगाया था बैन

साल 2020 में इंडिगो, स्पाइसजेट समेत चार एयरलाइंस ने कामरा पर बैन लगा दिया था। उन पर आरोप था कि उन्होंने एक पत्रकार को फ्लाइट में परेशान किया था। इस घटना के बाद इंडिगो ने छह महीने तक उनकी उड़ान पर प्रतिबंध लगा दिया था। वहीं अब एक बार फिर कामरा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बता दें, पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब देखना होगा कि ये मामला कितनी दूर तक जाता है।

ये भी पढ़ें: कुणाल कामरा शो में विवाद के बाद मुंबई स्टूडियो पर लगा ताला, हैबिटेट ने जारी किया बयान