नई दिल्ली: भारत के पहले पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता मुरलीकांत पेटकर को अर्जुन लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया है। इस प्रतिष्ठित पुरस्कार को प्राप्त करने के बाद मुरलीकांत ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि उन सभी का प्रतीक है जिन्होंने उन पर विश्वास किया और उनका साथ दिया।
मुरलीकांत ने इस मौके पर साजिद नाडियाडवाला, कबीर खान और अभिनेता कार्तिक आर्यन का विशेष आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उनके जीवन की कहानी को फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया। उन्होंने कहा, “मैं साजिद नाडियाडवाला को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने मेरी कहानी पर भरोसा किया और इसे बड़े पर्दे पर दिखाया। मैं कबीर खान और कार्तिक आर्यन का भी आभारी हूं, जिन्होंने मेरी कहानी को शानदार तरीके से प्रस्तुत किया। यह सम्मान जितना मेरा है, उतना ही उनका भी है।”
मुरलीकांत पेटकर भारतीय सेना के एक वीर सिपाही रहे हैं। 1965 के भारत-पाक युद्ध में उन्हें नौ गोलियां लगी थीं, जिससे उनका शरीर का निचला हिस्सा पैरालाइज्ड हो गया। इस गंभीर स्थिति के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और खेल में अपनी पहचान बनाई। 1972 में उन्होंने पैरालंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह पैरालंपिक तैराकी में स्वर्ण पदक जीतने वाले भारत के पहले एथलीट बने।
वहीं जीवन पर आधारित फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ को दर्शकों ने खूब सराहा। कार्तिक आर्यन द्वारा निभाए गए मुरलीकांत के किरदार ने दर्शकों को भावुक और प्रेरित किया। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी सफल रही और मुरलीकांत की कहानी ने देशभर में लाखों लोगों को प्रेरणा दी।
ये भी पढ़ें: जयदीप अहलावत ने फिर जीता दर्शकों का दिल, जानें Paatal Lok Season 2 की क्या है कहानी?