नई दिल्ली: सैफ अली खान पर हुए हमले के मामले में मुंबई पुलिस की जांच अब पश्चिम बंगाल तक पहुंच गई है। आरोपी शरीफुल इस्लाम ने बांग्लादेश से अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया था और पश्चिम बंगाल में कुछ हफ्ते बिताए थे। मुंबई पुलिस ने नादिया और मुर्शिदाबाद जिलों में उन जगहों पर जांच की, जहां शरीफुल रुका था। इस दौरान कई चौंकाने वाला राज़ सामने आया है.
बता दें, जांच के दौरान पुलिस ने एक बंगाली लड़की को भी ढूंढा, जिसके नाम से शरीफुल सिम कार्ड इस्तेमाल कर रहा था। लड़की ने पूछताछ में बताया कि उसका मोबाइल काफी समय पहले गुम हो गया था। पुलिस को शक है कि इसी मोबाइल का इस्तेमाल कर शरीफुल ने सिम कार्ड एक्टिवेट किया था। पुलिस अब आरोपी के पश्चिम बंगाल में ठिकानों और संपर्कों की गहन जांच कर रही है।
शरीफुल इस्लाम 16 जनवरी को हुए हमले से पहले बांग्लादेश से अवैध रूप से भारत आया था। उसने मेघालय की दाउकी नदी पार की और भारत में प्रवेश किया। कुछ समय पश्चिम बंगाल में बिताने के बाद वह काम की तलाश में मुंबई पहुंचा। वहीं भारतीय दस्तावेज न होने के कारण उसे नौकरी नहीं मिली, जिसके बाद वह मुंबई के पबों में सफाई का काम करने लगा।
वहीं सैफ अली खान पर हुए हमले के चार दिन बाद मुंबई पुलिस ने शरीफुल को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि वह मुंबई से नियमित रूप से अपने बांग्लादेश में रह रहे माता-पिता से संपर्क करता था। पुलिस अब शरीफुल के पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में संपर्कों का पता लगा रही है। पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश कनेक्शन ने मामले को और गंभीर बना दिया है और पुलिस की जांच लगातार जारी है।
ये भी पढ़ें: Indigo: अहमदाबाद फ्लाइट में हुआ ColdPlay का कॉन्सर्ट, वायरल वीडियो