Khasra Se Bachav Kaise Kare: हाल ही में अमेरिका में एक बार फिर खसरे ने दस्तक दे दी है। सीडीसी (सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देशभर के 14 राज्यों में अब तक 300 से ज्यादा लोग खसरे से संक्रमित हो चुके हैं। ये आंकड़ा 2024 के कुल मामलों से भी ज्यादा है, जिससे हालात की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। मार्च के महीने में सीडीसी ने बताया कि अलास्का, कैलिफोर्निया, फ्लोरिडा, जॉर्जिया, केंटकी, मैरीलैंड, न्यू जर्सी, न्यू मैक्सिको, न्यूयॉर्क, पेंसिल्वेनिया, रोड आइलैंड, टेक्सास, वर्मोंट और वाशिंगटन से खसरे के कुल 301 मामले सामने आए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, खसरा दुनिया के सबसे तेजी से फैलने वाले संक्रमणों में से एक है और इसका असर बहुत गंभीर हो सकता है, खासकर उन बच्चों पर जो एक साल से छोटे हैं।
लोगों को अलर्ट रहने की दी चेतावनी
खसरे की पुरानी भयावहता को याद करते हुए हार्वर्ड यूनिवर्सिटी ने भी लोगों को अलर्ट किया है। यूनिवर्सिटी ने बताया कि 1960 के दशक में जब वैक्सीन नहीं थी, तब अमेरिका में लगभग हर बच्चा खसरे से ग्रसित होता था। खसरे के कारण हर साल 400 से 500 मौतें तक हो जाती थीं और कई मामलों में निमोनिया या स्थायी बहरेपन जैसी जटिलताएं सामने आती थीं।
टीकाकरण दर में आई गिरावट
टीकाकरण के बाद अमेरिका ने खसरे पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया था और यह एक बड़ी सार्वजनिक स्वास्थ्य उपलब्धि मानी गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, यदि किसी समुदाय के 95% लोग खसरे के खिलाफ वैक्सीनेटेड हों, तो वायरस का प्रसार रोका जा सकता है। लेकिन चिंता की बात यह है कि पिछले कुछ वर्षों में टीकाकरण दर में गिरावट आई है। 2019 में जहां यह दर 95% थी, वहीं 2023 में गिरकर 92% रह गई।
टीकाकरण न होने से हुई मौत
ताजा मामलों के विश्लेषण से यह भी पता चला है कि 95% संक्रमित या तो बिना वैक्सीन के थे या उनके वैक्सीनेशन की जानकारी उपलब्ध नहीं थी। वहीं 3% लोगों को केवल एक ही डोज मिली थी। एक मामला वेस्ट टेक्सास से सामने आया है, जहां एक बच्चे की खसरे से मौत हो गई। यह 2015 के बाद खसरे से अमेरिका में पहली दर्ज मौत है, और उस बच्चे का भी टीकाकरण नहीं हुआ था।
खतरे से बचने के लिए क्या करें?
सभी को खसरे की वैक्सीन की दो डोज लेना चाहिए, जो करीब 97% तक सुरक्षा देती है। संक्रमित व्यक्ति को दाने ठीक होने के कम से कम 4 दिन बाद तक आइसोलेट रहना चाहिए। मास्क पहनने से वायरस के प्रसार को रोका जा सकता है। बार-बार हाथ धोना भी संक्रमण रोकने में मदद करता है। और अगर आप ऐसी जगह जा रहे हैं जहां खसरा फैला है, तो सुनिश्चित करें कि आप पूरी तरह टीकाकृत हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि वैक्सीनेशन में लापरवाही आगे चलकर बड़ी महामारी का कारण बन सकती है। ऐसे में न केवल अमेरिका बल्कि दुनियाभर को इस चेतावनी से सबक लेने की जरूरत है।
Disclaimer: इस आलेख में दी गई जानकारियों का हम यह दावा नहीं करते कि ये जानकारी पूर्णतया सत्य एवं सटीक है। पाठकों से अनुरोध है कि इस लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। इन खबर इसकी सत्यता का दावा नहीं करता है।