Things Not To Consume With Jamun: गर्मी और बरसात के बीच बाजारों में एक फल खूब नजर आता है जिसका नाम जामुन होता है। गहरे नीले या काले रंग वाला यह छोटा सा फल स्वाद में खट्टा-मीठा होता है और सेहत के लिहाज से बेहद फायदेमंद माना जाता है। खासकर डायबिटीज, पाचन और इम्युनिटी के लिए इसे रामबाण माना जाता है। हालांकि जामुन के साथ या उसके तुरंत बाद कुछ चीजें खाने से इसका उल्टा असर भी हो सकता है। गलत फूड कॉम्बिनेशन आपकी सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसे में जरूरी है कि इसे सही तरीके से खाया जाए।
जामुन में ऐसे तत्व पाए जाते हैं जो ब्लड शुगर को कंट्रोल करने में मदद करते हैं। यही वजह है कि डायबिटीज के मरीज इसे नेचुरल मेडिसिन की तरह खा सकते हैं। इसके अलावा, इसमें मौजूद फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट पेट को साफ रखने में मदद करते हैं। कब्ज, गैस और अपच जैसी समस्याओं में भी यह राहत देता है। साथ ही जामुन खून को शुद्ध करता है जिससे त्वचा में निखार आता है और पिंपल्स कम होते हैं। जामुन में विटामिन C और आयरन भरपूर मात्रा में होता है, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्युनिटी को मजबूत बनाता है। इसके साथ ही इसकी गुठली का पाउडर दांत और मसूड़ों की समस्याओं में भी राहत देता है।
Low your Blood Sugar Level with These Home Remedies: इन घरेलू उपायों से अपना ब्लड शुगर लेवल करें कम
हालांकि, इसके फायदे तभी मिल सकते हैं जब आप इसे सही तरीके और समय पर खाएं। सबसे जरूरी बात यह है कि जामुन खाने के तुरंत बाद या साथ में कुछ चीजों का सेवन करने से बचना चाहिए। जैसे दूध और जामुन दोनों ठंडी तासीर के होते हैं, इन्हें साथ खाने से पेट में गैस और जलन हो सकती है। जामुन के बाद पानी पीना भी पाचन को बिगाड़ सकता है जिससे दस्त और गैस की शिकायत हो सकती है।
इसी तरह हल्दी, अचार और मिठाई जैसी चीजें भी जामुन के साथ नहीं खानी चाहिए। अचार और जामुन दोनों खटास से भरपूर होते हैं जो एसिडिटी का कारण बन सकते हैं। वहीं जामुन के बाद मिठाई खाने से पेट भारी लग सकता है और अपच या ब्लोटिंग की समस्या हो सकती है।
विशेषज्ञों की मानें तो जामुन को खाली पेट नहीं खाना चाहिए क्योंकि इससे एसिडिटी हो सकती है। दोपहर या शाम के समय जामुन खाना सबसे उपयुक्त होता है। जामुन खाने के बाद कम से कम 30 मिनट तक पानी न पिएं और दूध, अचार या मिठाई खाने में कम से कम 1 घंटे का अंतर रखें। इस मौसम में अगर आप जामुन का भरपूर फायदा उठाना चाहते हैं, तो इसे खाने के सही नियम जरूर अपनाएं। गलत संयोजन से बचकर ही आप इस छोटे से फल से बड़े-बड़े फायदे ले सकते हैं।
Disclaimer: इस आलेख में दी गई जानकारियों का हम यह दावा नहीं करते कि ये जानकारी पूर्णतया सत्य एवं सटीक है। पाठकों से अनुरोध है कि इस लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। इन खबर इसकी सत्यता का दावा नहीं करता है।