UPSC New Chairmain: पूर्व रक्षा सचिव अजय कुमार यूपीएससी के नए अध्यक्ष बनाए गए हैं। 29 अप्रैल को प्रीति सूदन का कार्यकाल खत्म होने से यूपीएससी अध्यक्ष का पद खाली हो गया था। अजय कुमार की नियुक्ति के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंजूरी दे दी है। अजय कुमार केरल कैडर के 1985 बैच के IAS रहे हैं। 23 अगस्त 2019 से 31 अक्टूबर 2022 तक वो रक्षा सचिव के रूप में भी काम कर चुके हैं।
https://x.com/ANI/status/1922462245906202656?t=F_tJZnFJRaerWNWxdDjkuA&s=19
आपको बता दें कि वह 2014 में डिजिटल इंडिया पहल को लागू करने वाली टीम का हिस्सा थे जिसमें यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस, आधार, MyGov.in, गवर्नमेंट ई मार्केटप्लेस और जीवन प्रमाण शामिल थे। पूर्व रक्षा सचिव के रूप में, कुमार ने आयुध निर्माणी बोर्ड के निगमीकरण में काम किया, जो 200 साल पुराना संस्थान है जिसमें 80,000 लोग कार्यरत हैं।
संविधान के अनुच्छेद 316 (1) के अनुसार, यूपीएससी के अध्यक्ष और अन्य सदस्यों की नियुक्ति राष्ट्रपति द्वारा की जाती है। यदि अध्यक्ष का पद रिक्त हो जाता है या वह किसी कारण से अपने कर्तव्यों का पालन नहीं कर सकता है, तो राष्ट्रपति आयोग के अन्य सदस्यों में से किसी एक को अस्थायी अध्यक्ष नियुक्त कर सकते हैं। वहीं, यूपीएससी अध्यक्ष का वेतन 2.5 लाख रुपये प्रति माह है, जबकि यूपीएससी सदस्यों का वेतन 2.25 लाख रुपये प्रति माह है।
अजय कुमार आईआईटी कानपुर और यूनिवर्सिटी ऑफ मिनेसोटा के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, आईआईटी कानपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की है। इसके बाद वे आगे की पढ़ाई के लिए अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ मिनेसोटा चले गए। वहां उन्होंने डेवलपमेंट इकोनॉमिक्स में मास्टर डिग्री हासिल की और उसके बाद उसी यूनिवर्सिटी के कार्लसन स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में पीएचडी की डिग्री भी हासिल की।