Inkhabar
  • होम
  • देश-प्रदेश
  • 48 घंटे में 21 कोरोना मरीजों की मौत, मुंबई को हरा IPL के फाइनल में पहुंची पंजाब, जानें आज की 5 बड़ी खबरें

48 घंटे में 21 कोरोना मरीजों की मौत, मुंबई को हरा IPL के फाइनल में पहुंची पंजाब, जानें आज की 5 बड़ी खबरें

आज 2 जून, 2025 है। आइए जानते हैं आज की देश-विदेश की 5 बड़ी खबरें...

Top 5 news
inkhbar News
  • Last Updated: June 2, 2025 09:13:12 IST

नई दिल्ली। आज- 2 जून, 2025 है। देश में कोरोना ने फिर से अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया है। पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को मात देकर IPL 2025 के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। आइए जानते हैं आज की 5 बड़ी खबरें…

(1) देश में कोरोना का कहर बढ़ा

देश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 3783 हो गई है। सबसे अधिक 1400 केस केरल में सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, 22 मई को देशभर में कुल 257 केस थे। 9 दिनों में मामलों में 14 गुना वृद्धि हुई है। पिछले दो दिनों में कोरोना से 21 मरीजों की मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र और केरल में सबसे ज़्यादा,7-7 लोगों की जान गई है।

(2) IPL के फाइनल में पहुंची पंजाब

पंजाब किंग्स ने IPL के क्वालिफायर-2 में मुंबई इंडियंस को 5 विकेट से शिकस्त दी। इस जीत के साथ टीम ने 11 वर्षों बाद फाइनल में अपनी जगह बनाई। इससे पहले टीम ने 2014 में खिताबी मुकाबला खेला था। अब 3 जून को पंजाब और बेंगलुरु के बीच फाइनल मैच होगा। मुंबई ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 103 रन बनाए थे। पंजाब ने यह लक्ष्य 19 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

(3) यूक्रेन ने रूसी जेट्स को तबाह किया

यूक्रेन ने रूस के 41 फाइटर जेट्स को निशाना बनाकर नष्ट कर दिया है। कीव इंडिपेंडेंट वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेन ने रूस के मुरमांस्क में स्थित ओलेन्या एयरबेस, इरकुत्स्क के बेलाया एयरबेस, इवानोवो के इवानोवो एयरबेस और डायगिलेवो एयरबेस पर हमला किया।

रूस का बेलाया एयरबेस यूक्रेन की सीमा से करीब 4 हजार किलोमीटर दूर साइबेरिया क्षेत्र में स्थित है। रिपोर्ट के अनुसार, इस ऑपरेशन को यूक्रेनी सुरक्षा एजेंसी (SBU) ने अंजाम दिया, जिसमें FPV (फर्स्ट-पर्सन-व्यू) ड्रोन का प्रयोग किया गया। हमले में A-50, TU-95 और TU-22 जैसे रणनीतिक बॉम्बर्स को टारगेट किया गया।

(4) RJD से बाहर तेज प्रताप का नया बयान

RJD से बाहर किए जाने के छह दिन बाद तेजप्रताप यादव ने अपने माता-पिता, लालू प्रसाद और राबड़ी देवी के नाम एक भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा कि मां-पापा, आप और आपका आदेश मेरे लिए भगवान से बढ़कर है। तेजप्रताप ने अपने भाई तेजस्वी यादव के लिए भी एक पोस्ट लिखी, जिसमें उन्होंने दावा किया कि उन्हें अलग करने की साजिश हो रही है। उन्होंने कहा, मेरे अर्जुन से मुझे अलग करने का सपना देखने वालों, तुम अपनी चालों में कभी सफल नहीं हो पाओगे। कृष्ण की सेना को तो छीन सकते हो, मगर स्वयं कृष्ण को नहीं। हर साजिश को मैं जल्द सामने लाऊंगा।

(5) पूर्वोत्तर में बाढ़ से बिगड़े हालात

पूर्वोत्तर भारत में मूसलधार बारिश की वजह से हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। बीते 2 दिनों में 32 लोगों की जान जा चुकी है। अकेले असम में 16, अरुणाचल प्रदेश में 9, मिजोरम में 4 और मेघालय में 3 लोगों की मौत हुई है। असम के 15 से अधिक जिलों में 78,000 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। त्रिपुरा में करीब 1300 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। वहीं मणिपुर में भारी बारिश और भूस्खलन की वजह से 3,802 लोग प्रभावित हुए और 883 घरों को नुकसान पहुंचा। दिल्ली-एनसीआर में शनिवार दोपहर मौसम ने करवट ली और 76 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ आंधी चली।

यह भी पढ़ें-

2 जून 2025, आज का राशिफल: सितारों की जुबानी जानिए कैसा रहेगा आपका दिन, किसे रहना है सावधान और किसके सितारे पहुंचाएंगे बुलंदी पर