Inkhabar
  • होम
  • देश-प्रदेश
  • 76वां गणतंत्र दिवस: आज कर्तव्य पथ पर दहाड़ेगा भारत, दुनिया देखेगी गौरवपूर्ण विरासत की झलक

76वां गणतंत्र दिवस: आज कर्तव्य पथ पर दहाड़ेगा भारत, दुनिया देखेगी गौरवपूर्ण विरासत की झलक

संविधान लागू होने के 75 साल पूरे होना इस साल समारोह का मुख्य आकर्षण है, लेकिन झांकियों की थीम स्वर्णिम भारत: विरासत और विकास है।

Inkhabar
inkhbar News
  • Last Updated: January 26, 2025 07:54:00 IST

नई दिल्ली। आज देश 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। देशभर में जश्न का माहौल है। गणतंत्र दिवस को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। ऐतिहासिक और सरकारी इमारतों को तिरंगे के रंग में रंग दिया गया है। राष्ट्रपति सुबह 9 बजे राष्ट्रपति कर्तव्य पथ पर तिरंगा फहराएंगी। सुबह 10.30 बजे कर्तव्य पथ पर परेड शुरू होगी। संविधान लागू होने के 75 साल पूरे होना इस साल समारोह का मुख्य आकर्षण है, लेकिन झांकियों की थीम स्वर्णिम भारत: विरासत और विकास है। आज विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 16 और केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों और संगठनों की 15 झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी।

दुनिया देखेगी भारत की सैन्य शक्ति 

कर्तव्य पथ पर आज दुनिया हिंदुस्तान की ताकत देखेगी। राफेल-सुखोई की गर्जना और पहली बार परेड में प्रलय मिसाइल का शक्ति प्रदर्शन देखने को मिलेगा। राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से कड़ी कर दी गई है। परेड में कई अन्य चीजें भी पहली बार देखने को मिलेंगी, जैसे तीनों सेनाओं (थलसेना, वायुसेना, नौसेना) की झांकी, जो सशस्त्र बलों के बीच तालमेल को दिखाएंगी। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, झांकी में युद्धक्षेत्र का परिदृश्य दिखाया जाएगा, जिसमें स्वदेशी अर्जुन युद्धक टैंक, तेजस लड़ाकू विमान और उन्नत हल्के हेलीकॉप्टरों के साथ जमीन, पानी और हवा में समन्वित संचालन का प्रदर्शन किया जाएगा। तीनों सेनाओं की झांकी का थीम सशक्त और सुरक्षित भारत होगा।

इंडोनेशिया का बैंड भी लेगा हिस्सा

इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि हैं। परेड सुबह 10.30 बजे शुरू होगी। इंडोनेशिया का 352 सदस्यीय मार्चिंग और बैंड दल भी परेड में हिस्सा लेगा। सुबियांटो गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने वाले इंडोनेशिया के चौथे राष्ट्रपति होंगे। इंडोनेशिया के पहले राष्ट्रपति सुकर्णो 1950 में भारत के पहले गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि थे।

ये भी पढेंः – Padma Award 2025:: शारदा सिन्हा, ओसामु सुजुकी समेत 7 को पद्म विभूषण, साध्वी ऋतंभरा व सुशील मोदी को पद्म भूषण