Aaj Ka Mausam: देश के कई राज्यों में मानसून ने दस्तक दे दी है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत म मिली है। आपको जानकारी के लिए बता दें कि, मानसून ने उत्तर भारत की ओर अपनी रफ्तार पकड़ ली है। माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में मानसून उत्तर भारत में प्रवेश कर सकता है। इसके साथ ही दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में तेज बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है। जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
दिल्ली एनसीआर में कब प्रवेश करेगा मानसून?
निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट वेदर के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में 20 से 23 जून के बीच मानसून प्रवेश करने वाला है। एजेंसी के मुताबिक बारिश का सिलसिला 22 जून से शुरू होगा। उस दिन आसमान बादलों से ढका रह सकता है, जिससे मध्यम स्तर की बारिश की संभावना है। गरज और बिजली गिरने की भी संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि ज्यादातर मौसमी गतिविधियां रात में होने की संभावना है। 23 और 24 जून को गरज के साथ बारिश की भी संभावना है। इस दिन हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना रहेगी। इस बारिश से मौसम सुहाना हो जाएगा और अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक रह सकता है।
मध्य प्रदेश में कब प्रवेश करेगा मानसून?
एजेंसी के अनुमान के अनुसार देश के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। अगले 24 घंटों के दौरान यह मानसून उत्तरी अरब सागर और गुजरात के शेष हिस्सों, राजस्थान के कुछ हिस्सों, मध्य प्रदेश के कुछ और हिस्सों, छत्तीसगढ़ और बिहार के शेष हिस्सों और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है।
पिछले 24 घंटों में इन इलाकों में हुई बारिश?
अगर हम पिछले 24 घंटों के मौसम की बात करें तो पिछले 24 घंटों के दौरान गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड में भारी से बहुत भारी बारिश हुई। असम, बिहार के कुछ हिस्सों, केरल, तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा, सौराष्ट्र-कच्छ, दिल्ली और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई।
इसके अलावा, पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम, बिहार, तटीय ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, गुजरात क्षेत्र, तमिलनाडु, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा और जम्मू और कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मध्य महाराष्ट्र, आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में हल्की बारिश हुई।
अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम?
अगले 24 घंटों के दौरान गुजरात, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, बिहार के कुछ हिस्सों, झारखंड, ओडिशा, पूर्वी असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा के कुछ हिस्सों, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। आंतरिक कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और विदर्भ क्षेत्र में हल्की बारिश होने की संभावना है।