Inkhabar
  • होम
  • देश-प्रदेश
  • यूपी में तेज आंधियों के बीच आसमान में गरज रहे राफेल-सुखोई और मिराज, हाइवे पर उतरा लड़ाकू विमान

यूपी में तेज आंधियों के बीच आसमान में गरज रहे राफेल-सुखोई और मिराज, हाइवे पर उतरा लड़ाकू विमान

भारत-पाकिस्तान में चल रहे तनाव के बीच आज सबकी नजरें यूपी के शाहजहांपुर में टिकी हुई है, जहां गंगा एक्सप्रेस-वे पर भारतीय वायु सेना अपना दमखम दिखा रही है।

Inkhabar
inkhbar News
  • Last Updated: May 2, 2025 13:48:17 IST

लखनऊ। भारत-पाकिस्तान में चल रहे तनाव के बीच आज सबकी नजरें यूपी के शाहजहांपुर में टिकी हुई है, जहां गंगा एक्सप्रेस-वे पर भारतीय वायु सेना अपना दमखम दिखा रही है। 3.5 किमी लंबी हवाई पट्टी पर इंडियन एयरफोर्स के मिराज, राफेल और जगुआर जैसे लड़ाकू विमान तेज आंधी-तूफान में भी लैंडिंग और टेक-ऑफ की प्रैक्टिस कर रहे हैं।

लड़ाकू विमानों की गर्जना

आसमान में मिराज, राफेल, सुखोई और जगुआर जैसे लड़ाकू विमानों की गर्जना से दुश्मन देश सहम जाए। अगर युद्ध जैसी कोई आपात स्थिति आती है तो इस एक्सप्रेसवे की पट्टी को वैकल्पिक एयरपोर्ट के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है। बता दें कि गंगा एक्सप्रेसवे यूपी का चौथा ऐसा एक्सप्रेसवे है, जिसमें हवाई पट्टी है। हालांकि, यह देश का पहला ऐसा एक्सप्रेसवे है, जिसमें रात में भी लैंडिंग की क्षमता है। देश में पहली बार किसी हाईवे पर दिन के साथ-साथ नाइट लैंडिंग का ट्रायल भी किया जाएगा।

36,230 करोड़ में बना है एक्सप्रेस वे

यह एक्सप्रेसवे 36,230 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा है। यह 594 किलोमीटर लंबा है, जो मेरठ से प्रयागराज तक बन रहा है। हाल ही में सीएम योगी ने इसका निरीक्षण किया था। इसका 80 फीसदी काम पूरा हो चुका है। गृह मंत्री अमित शाह ने कल कहा था कि पहलगाम हमले का चुन-चुन कर बदला लिया जाएगा। इसे देखते हुए भारत की तैयारियां तेज हो गई हैं। वहीं वायुसेना गंगा एक्सप्रेसवे पर राफेल, सुखोई, जगुआर लड़ाकू विमानों के साथ उड़ान भरने और उतरने का अभ्यास कर कड़ा संदेश दे रही है। वहीं नौसेना भी अरब सागर में युद्धपोतों के साथ अभ्यास कर रही है।