New Army Chief: भारत सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी को अगला सेनाध्यक्ष बनाया है। वो जनरल मनोज पांडेय की जगह लेंगे। वर्तमान में लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र उप सेनाध्यक्ष के पद पर कार्यरत है। वो 30 जून, 2024 को अपना नया पदभार संभालेंगे। बता दें कि जनरल मनोज पांडे सेवानिवृत्त होने वाले हैं।
रीवा के सैनिक स्कूल के छात्र रहे हैं द्विवेदी
लेफ्टिनेंट जनरल द्विवेदी मध्य प्रदेश के रीवा में सैनिक स्कूल के छात्र रह चुके हैं। उन्हें 1984 में 18 जम्मू और कश्मीर (J&K) राइफल्स में कमीशन दिया गया था। फिर उन्होंने इस यूनिट की कमान संभाली। जनरल द्विवेदी ने उत्तरी सेना कमांडर के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान जम्मू-कश्मीर में गतिशील आतंकवाद विरोधी अभियानों को संचालित किया है।
30 जून को रिटायर होंगे मनोज पांडेय
मालूम हो कि वर्तमान सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडे 30 अप्रैल, 2022 को सेना प्रमुख बनाए गए थे। वो 31 मई 2024 को रिटायर होने वाले थे लेकिन 26 मई 2024 को कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने उन्हें एक महीने का सेवा विस्तार दिया था। जिसके बाद जनरल मनोज पांडे अब 30 जून, 2024 तक सेना प्रमुख बने रहेंगे।