Inkhabar

2024 में और बुलंद हुई बीजेपी, जीतकर भी हार गया विपक्ष

2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने तीसरी बार केंद्र की सत्ता में वापसी की। हालांकि बीजेपी को अकेले बहुमत नहीं मिला और वह 240 सीटें जीत पाई लेकिन उसके नेतृत्व वाले गठबंधन NDA को आम चुनाव में पूर्ण बहुमत मिला।

BJP-Congress
inkhbar News
  • Last Updated: December 9, 2024 20:44:24 IST

नई दिल्ली। साल 2024 भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लिए बहुत खास रहा। इस साल बीजेपी ना सिर्फ और बुलंद हुई बल्कि उसने वह कर दिखाया जिसका सपना उसके संस्थापकों ने देखा था। वहीं, विपक्ष के लिए 2024 किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। विपक्ष को लोकसभा चुनाव में जहां थोड़ी सफलता मिली, वहीं विधानसभा के चुनावों में वह चारो खाने चित्त हो गया।

आइए जानते हैं कि 2024 में बीजेपी की क्या उपलब्धियां रहीं और विपक्ष कहां-कहां मात खाया…

केंद्र की सत्ता में तीसरी बार लौटी बीजेपी

2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने तीसरी बार केंद्र की सत्ता में वापसी की। हालांकि बीजेपी को अकेले बहुमत नहीं मिला और वह 240 सीटें जीत पाई लेकिन उसके नेतृत्व वाले गठबंधन NDA को आम चुनाव में पूर्ण बहुमत मिला। जिसके बाद नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के पद पर विराजमान हुए। पीएम मोदी अब जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी के बाद सबसे ज्यादा दिनों तक प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं।

विधानसभा में भी चला बीजेपी का जादू

बात 2024 में हुए विधानसभा चुनावों की करें तो इसमें भी भाजपा का खूब जादू चला। भाजपा ने पहली बार ओडिशा का विधानसभा चुनाव अकेले जीता और नवीन पटनायक का ढाई दशक पुराना किला ढहा दिया। इसके अलावा बीजेपी आम चुनाव के बाद हुए हरियाणा के चुनाव में तीसरी बार जीत हासिल की। बीजेपी को हरियाणा में 2014 और 2019 से बड़ी जीत मिली।

इसके अलावा महाराष्ट्र में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी का प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा। भाजपा 149 सीटों पर लड़ी और 132 पर जीत हासिल की। भाजपा अब महाराष्ट्र में अकेले बहुमत के आंकड़े 145 के करीब है। पार्टी का राज्य में यह सबसे अच्छा प्रदर्शन है। इससे पहले 2014 में जब मोदी लहर थी, उस वक्त भी बीजेपी 122 सीटें ही जीत पाई थी।

विपक्षी दल और बुरी स्थिति में पहुंचे

विपक्षी पार्टियां 2024 को एक खराब सपने के रूप में याद रखना चाहेंगी। लोकसभा चुनाव में विपक्ष को जहां थोड़ी-बहुत सफलता मिली थी। लेकिन आम चुनाव के ठीक बाद हुए विधानसभा चुनावों में विपक्ष की हालत और पतली हो गई। विपक्षी गठबंधन इंडिया का अगुआ मानी जाने वाली कांग्रेस पार्टी 2024 में जीती जिताई बाजी हारती दिखी। कांग्रेस जहां हरियाणा में माहौल बनाकर भी हार गई, वहीं महाराष्ट्र में भी वह लोकसभा चुनाव वाली बयार को कायम नहीं रख सकी और अपने चुनावी इतिहास का सबसे खराब प्रदर्शन असेंबली इलेक्शन में किया।

यह भी पढ़ें-

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बीजेपी को जिताया और कांगेस को हराया, अभय सिंह चौटाला का बड़ा आरोप