पंचकूला/चंडीगढ़/नई दिल्ली। हरियाणा के पंचकूला में स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में रविवार को भगवान परशुराम जयंती महोत्सव का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी, पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित विनोद शर्मा और राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा शामिल हुए। सीएम सैनी ने कहा कि जब जब अधर्म बढ़ेगा, अत्याचार होगा भगवान परशुराम सबकी रक्षा के लिए आयेंगे। वो चिंरजीवी थे और आज भी हमारे बीच में मौजूद हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भगवान परशुराम आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि भगवान विष्णु के छठे अवतार परशुराम इस बात के प्रतीक थे कि बल और ज्ञान के संतुलन से ही समाज का विकास हो सकता है। जब जब अधर्म बढ़ेगा, अत्याचार होगा वो सबकी रक्षा के लिए आयेंगे। परशुराम चिंरजीवी थे और वो आज भी हमारे बीच में मौजूद हैं।
कार्यक्रम में पंडित विनोद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सैनी जनता से किए वादों को निभाने वाले नेता हैं। सीएम सैनी ने ब्राह्मण समाज की ताकत और सम्मान को हमेशा महत्व दिया है। शर्मा ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से अपील की कि वे ऐसे नेतृत्व का समर्थन करें जो उनकी भावनाओं और जरूरतों को समझता है। अपने संबोधन में पंडित विनोद शर्मा ने हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस आतंकी हमले के गुनहगारों को कठोर से कठोर सजा मिलेगी। दुनिया के किसी भी कोने में वे (आतंकी) छिपे होंगे, उन्हें खोजकर सजा दी जाएगी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान ने हमेशा से भारत के खिलाफ साजिशें रची हैं, लेकिन वे कामयाब नहीं हो पाएगा। पीएम मोदी के रहते देश की सुरक्षा काफी ज्यादा मजबूत है। उन्होंने गीता का उल्लेख करते हुए कहा कि जब धर्म और देश पर संकट आता है तो राजा को सबसे आगे आकर युद्ध करना चाहिए और इस वक्त हमारे देश के प्रधानमंत्री इसी धर्म का पालन कर रहे हैं।
परशुराम जयंती महोत्सव को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि इस कार्यक्रम का मकसद समाज में जागरूकता फैलाना है। हमें भगवान परशुराम के जीवन से सीखना चाहिए। युवा पीढ़ी तक उनकी शिक्षाएं पहुंचानी चाहिए क्योंकि वो शास्त्र और शस्त्र दोनों की महत्ता बताते हैं। युवाओं से आग्रह है कि भगवान परशुराम की प्रतिमा का सम्मान बनाए रखें और हर रविवार उस स्थान की सफाई करें जहां पर उनकी प्रतिमा स्थापित है। इस कार्य में मैं स्वयं भी शामिल रहूंगा।
राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने पहलगाम आतंकी हमले पर बड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि भारत परशुराम की भूमि है। जब परशुराम का फरसा चलता है तब देश का दुश्मन बच नहीं सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी आंख में आंख डालकर बात करते हैं। आज 26/11 का भारत नहीं है जब देश में घुसकर दुश्मन हमला करते थे, आज का भारत बदल चुका है। पहलगाम हमले का जवाब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देंगे। भारत युद्ध की नहीं भगवान बुद्ध की भूमि है लेकिन यह परशुराम जी की भी भूमि है और जब उनका फरसा चलता है तो दुश्मन किसी भी कोने में हो वो बच नहीं सकता।
J&K: पहलगाम में घटनास्थल पर पहुंची NIA, चश्मदीदों से शुरू की पूछताछ