नई दिल्ली: देशभर में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानों में ठंडी हवाएं जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसके चलते दिल्ली समेत कुछ राज्यों में 22 और 23 जनवरी को हल्की बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने दिल्ली में 22 जनवरी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा। 21 जनवरी को राजधानी का अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह और शाम को हल्का कोहरा रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में 22 और 23 जनवरी को हल्की बारिश के आसार हैं। इसके बाद मौसम साफ हो जाएगा। बिहार में कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम हो गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
वहीं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में 22 जनवरी की रात से बर्फबारी होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी।
कश्मीर में शीतलहर की स्थिति गंभीर हो गई है। श्रीनगर में सोमवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। देश के विभिन्न हिस्सों में बदलता मौसम जनजीवन को प्रभावित कर रहा है। आने वाले दिनों में ठंड और बारिश की स्थिति और बढ़ सकती है।
ये भी पढ़ें: डोनाल्ड ट्रंप बने अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति, किया दक्षिणी सीमा पर इमरजेंसी का ऐलान!