Congress Protest:

नई दिल्ली। महंगाई और बेरोजगारी को लेकर केंद्र सरकार के ख़िलाफ़ कांग्रेस पार्टी आज देशव्यापी प्रदर्शन कर रही है। इसी बीच खबर सामने आ रही है कि राहुल गांधी के बाद अब पुलिस ने प्रियंका गांधी को भी हिरासत में ले लिया है। प्रियंका गांधी अपने कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री आवास की तरफ बढ़ने जा रही थीं, तभी पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद कांग्रेस नेता सड़क पर ही धरने पर बैठ गई थीं, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें जबरन गाड़ी में बिठाकर हिरासत में लिया है।

राहुल गांधी भी हिरासत में

महंगाई और बेरोजगारी को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, शशि थरूर समेत कांग्रेस के कई सांसदों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

पुलिस पर लगाया आरोप

राजपथ के नजदीक प्रदर्शन कर रहे राहुल गांधी ने मीडिया से बात करते हुए कहा दिल्ली पुलिस पर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने कांग्रेस सांसदों को घसीटा है और कुछ लोगों को मारा भी है। है। पूरा देश देख रहा है कि लोकतंत्र की हत्या हो रही है। ये लोग आज महंगाई पर प्रदर्शन नहीं करने दे रहे हैं।

चार लोगों की तानाशाही है

मार्च से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकर पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की हत्या हो रही है। इस देश ने 70 साल में बनाया उसको 8 साल में खत्म कर दिया गया। आज हिंदुस्तान में लोकतंत्र नहीं है बल्कि 4 लोगों की तानाशाही है। हम महंगाई, बेरोज़गारी और समाज को जो बांटा जा रहा है उसका मुद्दा संसद में उठाना चाहते हैं लेकिन हमें बोलने नहीं दिया जाता है।

सब RSS के नियंत्रण में है

राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष कानूनी ढांचा, न्यायिक संरचना, चुनावी संरचना के बल पर लड़ती है। यह सब ढांचे सरकार का समर्थन कर रहे हैं क्योंकि सरकार ने अपने लोग इन संस्थानों में बैठा रखे हैं। हिंदुस्तान का कोई भी संस्थान स्वतंत्र नहीं है, वह आरएसएस के नियंत्रण में है।

धमकाने वाला डरता है

कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि मैं जितना लोगों की आवाज़ उठाता हूं, जितना सच बोलता हूं उतना ज़्यादा मुझ पर हमला किया जाता है। मैं लोकतंत्र के लिए खड़े होने का अपना काम करता रहूंगा। ये बात समझ लीजिए कि जो धमकाता है वह डरता है।

Vice President Election 2022: जगदीप धनखड़ बनेंगे देश के अगले उपराष्ट्रपति? जानिए क्या कहते हैं सियासी समीकरण