Air India:शुक्रवार को थाईलैंड के फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 379 को बम की धमकी मिलने के बाद थाईलैंड में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। इस फ्लाइट में सवार सभी 156 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। विमान ने अंडमान सागर के ऊपर चक्कर लगाया और फिर वापस फुकेत एयरपोर्ट पर उतर गया। धमकी देने वाले के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। यह घटना अहमदाबाद हादसे के एक दिन बाद हुई है।
एक अधिकारी ने बताया कि फ्लाइट एआई 379 उतर गई है और एयरपोर्ट इमरजेंसी सेवा के साथ आगे का काम कर रहा है। अधिकारियों ने बताया कि थाई द्वीप फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट को शुक्रवार को बम की धमकी मिली थी। सूचना मिलते ही तुरंत इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
लैंडिंग के तुरंत बाद सुरक्षा कारणों से फ्लाइट में मौजूद सभी यात्रियों को उतार दिया गया। इसके साथ ही पूरे विमान की गहन जांच की जा रही है। शुक्रवार सुबह 9:30 बजे (0230) फ्लाइट ने फुकेट एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। लेकिन अंडमान सागर के पास धमकी मिलने के बाद इसे दोबारा लैंड करना पड़ा।
इजराइल द्वारा ईरान पर हमले के बाद दोनों देशों ने अपने एयरस्पेस बंद कर दिए हैं। यही वजह है कि भारत से जाने वाली कई फ्लाइट्स को डायवर्ट किया गया है और कई राजधानी दिल्ली लौट रही हैं। इन्हें लेकर भी एयर इंडिया ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही हरसंभव मदद का भरोसा भी दिया है।