नई दिल्ली: उत्तर भारत समेत दिल्ली-एनसीआर और देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ले ली है। बीते दिनों तेज धूप के कारण जहां गर्मी का अहसास हो रहा था, वहीं अब ठंड ने एक बार फिर दस्तक दे दी है। भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस समाप्त होने के बाद पहाड़ों से ठंडी बर्फीली हवाएं उत्तर भारत की ओर बढ़ रही हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
राजधानी दिल्ली शनिवार सुबह कोहरे से ढका हुआ है। तापमान में गिरावट के कारण शीतलहर का असर महसूस किया जा रहा है। ठंड से बचने के लिए लोग रैन बसेरों का सहारा ले रहे हैं। कोहरे के चलते कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जबकि दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों पर भी असर पड़ा है। हालांकि मौसम विभाग ने दिन में धूप खिलने की संभावना जताई है।
राजस्थान के कई इलाकों में शीतलहर जारी है। बीते 24 घंटों में सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले सप्ताह तक मौसम के शुष्क रहने की संभावना जताई है। उत्तर हवाओं के कारण राज्य में तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट हो सकती है।
कश्मीर में ठंड का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, 29 जनवरी तक बादल छाए रह सकते हैं। इसके बाद 29 जनवरी की रात या 30 जनवरी की सुबह हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है।
पंजाब और हरियाणा में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। वहीं उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और ठंडी हवाओं ने लोगों को परेशान कर दिया है। पश्चिमी यूपी में बारिश की संभावना है, जबकि लखनऊ, कानपुर, वाराणसी समेत अन्य जिलों में बादल छाए रह सकते हैं। बिहार में कड़ाके की ठंड के साथ बारिश और कोहरे में लोगों को काफी परेशानी हो रही हैं. पटना, गया, मुजफ्फरपुर और दरभंगा समेत कई जिलों में हल्की बारिश और कोहरा छाए रहने की संभावना है। तापमान में 2 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
इसी के साथ बता दें उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPSESSB) ने असिस्टेंट प्रोफेसर, टीजीटी और पीजीटी भर्ती परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव किया है। जानकारी का अनुसार, असिस्टेंट प्रोफेसर की लिखित परीक्षा अब 16 और 17 अप्रैल 2025 को आयोजित होगी। वहीं टीजीटी परीक्षा 14 और 15 मई 2025 को और पीजीटी परीक्षा 20 और 21 जून 2025 को होगी। ये निर्णय महाकुंभ 2025 और अभ्यर्थियों के सुझावों के मद्देनजर लिया गया है। परीक्षा नियंत्रक ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से यह जानकारी दी है। इसके साथ ही उम्मीदवार अधिक विवरण के लिए UPSESSB की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से जानकारी प्राप्त कर सकते है।
ये भी पढ़ें: धार्मिक स्थल प्रार्थना के लिए…, इलाहबाद हाईकोर्ट ने मस्जिद में लाउडस्पीकर लगाने वाली याचिका खारिज की