नई दिल्ली। आज- 30 मई का दिन ऐतिहासिक है। आज NDA से पहली बार महिला कैडेट्स ने पास आउट किया है। इतिहास में यह पहली घटना है जब 17 महिला कैडेट्स ने 300 से अधिक पुरुष कैडेट्स के साथ NDA से स्नातक किया। अब ये सभी महिलाएं भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना की सेवा में शामिल होंगी।
वर्ष 2021 में सर्वोच्च न्यायालय ने महिलाओं को NDA में प्रवेश की अनुमति दी थी। दरअसल, पिछले 75 वर्षों में महिलाओं को टेरिटोरियल आर्मी में अधिकारी के रूप में भर्ती होने का अधिकार नहीं था। इस व्यवस्था के विरोध में कुश कालरा ने दिल्ली हाईकोर्ट में एक याचिका दाखिल की थी।
बाद में यह मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां 18 अगस्त 2021 को कोर्ट ने पहली बार NDA में लड़कियों के प्रवेश का रास्ता साफ कर दिया। इस ऐतिहासिक निर्णय के बाद, 2022 में पहली बार 17 महिला कैडेट्स को NDA में शामिल किया गया, जो आज सफलतापूर्वक पास आउट हो चुकी हैं।
पुणे के खड़कवासला स्थित एनडीए कैंपस में पासिंग आउट परेड का आयोजन हुआ। इस समारोह में पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल वी. के. सिंह ने परेड की सलामी ली। उन्होंने कैडेट्स को प्रेसिडेंट्स अवॉर्ड भी प्रदान किया।
जनरल सिंह ने कहा कि यह पहली बार है जब इस ऐतिहासिक ग्राउंड से महिला कैडेट्स का बैच भी पास आउट हो रहा है। यह महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने यह भी कहा कि यह लड़कियों के लिए ट्रेनिंग का अंत नहीं, बल्कि नए अवसरों की शुरुआत है।