Vijay Rupani Last Rites:गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का अंतिम संस्कार आज यानी सोमवार को राजकोट में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। पूर्व सीएम विजय रूपाणी की 12 जून को एयर इंडिया विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी। इस हादसे में 274 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
परिजनों को सौंपा गया पूर्व सीएम रूपाणी का शव
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का शव सोमवार को सिविल अस्पताल के अधिकारियों ने उनके परिजनों को सौंप दिया। रूपाणी का शव इतना जल चुका था कि उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी, इसलिए रविवार को उनके परिजनों के डीएनए सैंपल से मिलान के बाद उनके शव की पहचान की गई। सोमवार को जब शहर के सिविल अस्पताल में शव सौंपा गया, तो उनकी पत्नी अंजलि रूपाणी और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे।
शवगृह पहुंचा परिवार
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय विजय रूपाणी की पत्नी अंजलि रूपाणी अपने बेटे ऋषभ रूपाणी के साथ अहमदाबाद सिविल अस्पताल के शवगृह पहुंचीं हैं। वहीं गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी सिविल अस्पताल के शवगृह परिसर पहुंचे हैं।
बेटे रुषभ रूपाणी ने क्या कहा?
पूर्व सीएम स्वर्गीय विजय रूपाणी के बेटे रुषभ रूपाणी ने कहा कि यह सिर्फ हमारे परिवार के लिए ही नहीं बल्कि अन्य 270 परिवारों के लिए भी दुख की घड़ी है। मैं इस घटना के दौरान पुलिस, स्वास्थ्य कर्मचारियों, नागरिक सुरक्षा, अग्निशमन सेवाओं और आरएसएस कार्यकर्ताओं के बचाव प्रयासों के लिए आभार व्यक्त करता हूं, जो सराहनीय है। मैं पीएम मोदी, सीएम भूपेंद्र पटेल और अन्य नेताओं को भी न केवल हमारे परिवार बल्कि अन्य सभी परिवारों के साथ खड़े होने और समर्थन करने के लिए धन्यवाद देता हूं। मेरे पिता ने अपने 50-55 साल के राजनीतिक जीवन में कई लोगों के जीवन को छुआ। आज वे सभी लोग हमारे साथ खड़े हैं। पंजाब से भी कई पार्टी कार्यकर्ता अपनी संवेदना व्यक्त करने के लिए यहां आ रहे हैं।
मुख्य मार्ग को बंद-डीसीपी
डीसीपी क्राइम पार्थराज सिंह गोहिल ने बताया कि, ‘गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की अंतिम यात्रा आज राजकोट में निकलने वाली है, जिसके लिए राज्य भर से तमाम वीआईपी यहां आने वाले हैं। हमने उस मुख्य मार्ग को बंद कर दिया है, जहां से यह यात्रा निकलेगी। इसके अलावा राजकोट शहर पुलिस की ओर से जगह-जगह पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।’