अहमदाबाद/उदयपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता गिरिजा व्यास का निधन हो गया है। उन्होंने अहमदाबाद स्थित जायडस हॉस्पिटल में गुरुवार को अपनी अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि व्यास एक महीने पहले गणगौर पूजा के दौरान चुन्नी में आग लगने की वजह से झुलस गई थीं। 90 प्रतिशत झुलसने की वजह से उनकी हालत बिगड़ती गई और गुरुवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि परिवार के लोग गिरिजा व्यास का शव अहमदाबाद के हॉस्पिटल से उदयपुर लेकर आ रहे हैं। उनके अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार का समय अब तय नहीं हुआ है। कांग्रेस के राष्ट्रीय, राज्य स्तरीय और स्थानीय नेताओं ने गिरिजा व्यास के निधन पर शोक जताया है।
गिरिजा व्यास केंद्र और राज्य में मंत्री रही हैं। वो राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष भी रही हैं। उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रहते हुए महिलाओं के कल्याण के लिए कई सारे काम किए हैं।
बता दें कि गिरिजा व्यास ने अपना आखिरी चुनाव साल 2018 में उदयपुर शहर विधानसभा सीट से लड़ा था। इस चुनाव में उन्हें बीजेपी के गुलाबचंद कटारिया ने हरा दिया था। गिरिजा व्यास पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के काफी नजदीक रही थीं।