नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष में भेजने के महत्वाकांक्षी मिशन की दिशा में आगे बढ़ते हुए एक मानव रहित उड़ान परीक्षण के लिए काउंटडाउन की शुरुआत हो गई है।
इसरो ने कहा कि शनिवार (21 अक्टूबर) सुबह 8 बजे श्रीहरिकोटा अंतरिक्ष केंद्र के पहले प्रक्षेपण तल से ‘क्रू मॉड्यूल’ (जिसमें अंतरिक्ष यात्री सवार होंगे) और चालक बचाव प्रणाली से लैस एकल-चरण तरल प्रणोदन रॉकेट को रवाना किया जाएगा। इसका मिशन का उद्देश्य अंततः गगनयान मिशन के तहत भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को धरती पर वापस लाने के लिए क्रू मॉड्यूल और चालक बचाव प्रणाली के सुरक्षा मानकों की जांच करना है।
बता दें कि गगनयान मिशन का लक्ष्य 2025 में 3 दिवसीय मिशन के तहत मनुष्यों को 400 किलोमीटर की ऊंचाई पर पृथ्वी की निचली कक्षा में भेजना है और उनको सुरक्षित रूप से धरती पर वापस लाना है। बता दें कि इसरो शनिवार को अपने परीक्षण यान – प्रदर्शन (टीवी-डी1), एकल चरण तरल प्रणोदन रॉकेट के सफल लांचिंग का प्रयास करेगा।