मुर्शिदाबाद/कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में वक्फ संशोधन कानून को लेकर हुई हिंसा के बाद राज्य का माहौल गर्म है। इस बीच पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने ममता सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि मुर्शिदाबाद में हिंदुओं को बंदूक की नोक पर धमकाया जा रहा है और उनसे जबरदस्ती धार्मिक नारे लगवाए जा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुर्शिदाबाद में जो हिंसा हुई है, वो राज्य के अन्य हिस्सों में रहने वाले हिंदुओं के लिए एक तरह की चेतावनी है।
केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने सोमवार-21 अप्रैल 2025 को हिंसा प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जाफराबाद और बेतबोना में पीड़ितों से मुलाकात की। हिंसा के पीड़ितों से मुलाकात करने के बाद मजूमदार ने कहा कि ये जो लोग सोच रहे हैं कि यह मामला सिर्फ मुर्शिदाबाद तक ही सीमित है, उन्हें जान लेना चाहिए कि भविष्य में उनके साथ भी ऐसा हो सकता है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के सबसे ज्यादा मुस्लिम बहुल जिलों में गिने जाने वाले मुर्शिदाबाद में 11 अप्रैल को वक्फ (संशोधन) अधिनियम के विरोध में हिंसक विरोध-प्रदर्शन हुआ था। इस दौरान तीन लोगों की जान चली गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे। हिंसा की वजह से हजारों की संख्या में लोगों को अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर पनाह लेनी पड़ी थी। उपद्रवियों ने कई वाहनों में आग लगा दी थी और संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचाया था।
तुरंत इस्तीफा दो, नहीं तो… मुर्शिदाबाद हिंसा पर गजब भड़के हिंदू, ममता को दी सीधी धमकी