नई दिल्ली। आज- 26 मई है। राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी और परिवार से बाहर निकाल दिया है। भारत विश्व की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। आइए जानते हैं आज की 5 बड़ी खबरें…
RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने अपने बड़े बेटे तेजप्रताप यादव को पार्टी और परिवार से बाहर कर दिया है। लालू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ‘ज्येष्ठ पुत्र की गतिविधियां, सार्वजनिक आचरण और गैर-जिम्मेदार रवैया हमारे पारिवारिक मूल्यों और परंपराओं के अनुरूप नहीं हैं। इन हालातों के चलते मैं उसे पार्टी और परिवार दोनों से अलग करता हूं। अब पार्टी और परिवार में उसकी कोई भूमिका नहीं रहेगी। उसे 6 वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित किया जाता है।’
नीति आयोग के सीईओ बी. वी. आर. सुब्रह्मण्यम ने जानकारी दी है कि भारत अब जापान से आगे निकलकर वैश्विक स्तर पर चौथे स्थान पर पहुंच गया है। IMF की रिपोर्ट के अनुसार, भारत की नॉमिनल GDP 4.187 ट्रिलियन डॉलर हो गई है, जबकि जापान की अनुमानित GDP 4.186 ट्रिलियन डॉलर बताई गई है। यानी भारत अब जापान से थोड़ा आगे निकल चुका है।
केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के बाद अब मानसून ने दक्षिण-पश्चिम दिशा से गोवा और महाराष्ट्र में भी दस्तक दे दी है। रविवार को पश्चिम महाराष्ट्र के कई जिलों में बारिश देखी गई। संभावना है कि मानसून जून के पहले सप्ताह में मध्य प्रदेश तक पहुंच सकता है। सामान्यता इस राज्य में मानसून लगभग 16 जून के आसपास आता है, जबकि पिछले वर्ष इसकी शुरुआत 21 जून को हुई थी।
अमेरिका की डिफेंस इंटेलिजेंस एजेंसी (DIA) द्वारा जारी एक रिपोर्ट में बताया गया है कि पाकिस्तान भारत को अपने अस्तित्व के लिए खतरा मानता है। इसी सोच के चलते वह अपने परमाणु हथियारों को आधुनिक रूप देने और सैन्य ताकत बढ़ाने के लिए चीन से आर्थिक और रक्षा सहायता प्राप्त कर रहा है। दूसरी ओर भारत चीन को वास्तविक खतरा मानता है, जबकि पाकिस्तान को केवल एक सुरक्षा चुनौती के तौर पर देखता है।
हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा, जो पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में पकड़ी गई है, उसके मोबाइल और लैपटॉप से डिलीट किया गया डेटा रिकवर कर लिया गया है। बरामद डेटा में कई चैटिंग्स और वीडियो शामिल हैं। यह डेटा फोरेंसिक लैब द्वारा जांच के बाद पुलिस को सौंपा गया है।