नई दिल्ली। इस बार भारत के गणतंत्र दिवस के अवसर पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। सुबियांतो भारत दौरे के तुरंत बाद पाकिस्तान नहीं जाएंगे। पहले खबर थी कि सुबियांतो भारत के बाद पाकिस्तान जाएंगे, लेकिन भारत के विरोध के बाद इंडोनेशिया ने बड़ा कदम उठाया है। इस साल के गणतंत्र दिवस में सुबियांतो की मौजूदगी इस अवसर को खास बनाएगी।
भारत और इंडोनेशिया के बीच संबंधों को और मजबूत करने के लिए उनका दौरा अहम माना जा रहा है। यह तीसरी बार है जब भारत ने किसी इंडोनेशियाई राष्ट्रपति को गणतंत्र दिवस के लिए आमंत्रित किया है। 2018 में तत्कालीन राष्ट्रपति विडोडो और 9 अन्य आसियान सदस्य देशों के नेता गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल हुए थे। उस समय भी विडोडो भारत से सीधे पाकिस्तान पहुंचे थे। तब कई सवाल उठे थे। यही वजह है कि भारत यह गलती दोबारा नहीं करना चाहता। इसीलिए भारत की तरफ से प्रबोवो के पाकिस्तान दौरे को टालने के लिए लंबी बातचीत की गई। इस बातचीत का असर भी हुआ है। जिसके बाद प्रबोवो के तय कार्यक्रम के मुताबिक वे पाकिस्तान की जगह मलेशिया का दौरा करेंगे।
पिछले साल राष्ट्रपति मैक्रों मुख्य अतिथि थे। भारत हर साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर विभिन्न देशों के नेताओं को आमंत्रित करता है। पिछले साल फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मुख्य अतिथि थे, जबकि 2023 में मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सीसी समारोह में शामिल हुए थे। कोविड-19 महामारी के कारण 2021 और 2022 में कोई मुख्य अतिथि नहीं था। 2020 में ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो, 2019 में दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा और 2018 में सभी 10 आसियान देशों के नेता इस समारोह में शामिल हुए थे।
ये भी पढ़ेंः- SpaDex Mission: हैंडशेक से महज 3 मीटर दूर दोनों सैटेलाइट, ट्रायल अटेम्प्ट में कामयाब ISRO
दिल्ली NCR में बारिश ने बढ़ाई ठंड, जानें कैसा रहेगा आज का मौसम